बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, 5 घायल, 1 की हालत नाजुक

भिण्ड. बारातियों को लाठी-डंडों और रॉड से पीटनपे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें 5 बाराती घायल हुए है। जिसमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। मारपीट दौरान एक महिला पति को छोड़ने की गुहार लगाते हुए बार-बार हाथ जोड़कर निवेदन कर रही है, परन्तु हमलावर मारपीट कर रहें हैं। पीडि़त पक्ष द्वारा पुलिस को शिकायत आवेदन दिया गया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। ताकि शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

क्या है मामला
दीपेन्द्र पुत्र श्रीपाल सिंह निवासी रघुनाथपुर थाना जलालाबाद जिला शाहजहांपुर यूपी ने बताया कि गुरूवार को उनके छोटे भाई उमेश की शादी जिला दतिया में हो रही है। हम सभी बारात लेकर दतिया की तरफ जा रहे थे। पीछे आ रहे अपने साथियों के इंतजार में फूप चौराहे के पास सड़क के किनारे रूक कर साथियों का इंतजार कर रहे थे। तभी एक ऑटो चालक आया और उसने ऑटो से मेरी गाड़ी में टक्कर मार दी जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके बाद जब ऑटो चालक से कहा कि वाहन का सही करा दो तो ऑटो चालक ने अपने अन्य साथियों को वहां पर बुला लिया।

इसके बाद आये साथियों ने दबाव बनाते हुए लाठी डंडों से मारपीट कर दी है। इस मारपीट में उमेश चंदेल पुत्र शिवपाल, मोहन सिंह पुत्र जोगेन्द्र सिंह, दीपेन्द्र सिंह पुत्र श्रीपाल सिंह, शिवेन्द्र पुत्र श्रीपाल, धर्मेन्द्र घायल हो गये हैं। इसमें उमेश की हालत अधिक नाजुक बताई गयी है। मारपीट करने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गये हैं। सभी घायलों को इलाज के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपियों की तलाश जारी है
फूप थाना प्रभारी सतेंद्र राजपूत का कहना है कि भदाकुर रोड पर कार सवार कुछ लोगों से मारपीट हुई है। शिकायती आवेदन पीड़ित पक्ष ने दिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
