भाजपा सरकार सस्ते गैस सिलेंडर पर बडा दांव खेलने की तैयार में, 500 का सिलेंडर देंगे

रायपुर. नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव से पहले भाजपा सरकार सस्ते गैस सिलेंडर पर बडा दांव खेलने की तैयार में है। नवंबर-दिसंबर 2024 में होने जा रहे नगरीय निकाय चुनाव से पहले गरीब वर्ग की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा पूरा किया जा सकता है। यदि ऐसा हुआ तो यह योजना भाजपा के लिए चुनाव में गेमचेंजर साबित हो सकती है।
विधानसभा चुनाव के दौरान मोदी की गारंटी, घोषणा पत्र में भाजपा ने सस्ता गैस सिलेंडर देने का वादा किया था। मुख्यमंत्री ने राजधानी के पं. दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में गैस का सिलेंडर 500 रुपये में देने का वादा पूरा करने के संकेत दिए है और उन्होंने कहा कि हम छत्तीसगढ में जल्द ही लोगों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देंगे। सीएम ने इसे लेकर कोई निश्चित तारीख तय नहीं की है। इतना जरूर कह दिया कि हम जल्द देंगे। ऐसे में अनुमान है कि सरकार इस साल ही गैस सिलेंडर देने की योजना शुरू कर सकती है।
बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी शामिल रहे। बतादें कि राज्य में 184 नगरीय निकाय हैं। इनमें से 169 में इसी वर्ष के अंत में चुनाव होने हैं। बाकी 15 निकायों का कार्यकाल 2025 में पूरा होगा। वहीं नगर निकाय चुनाव 2019 में पूर्ववर्ती कांग्रेस की भूपेश सरकार के दौरान प्रदेश के सभी 14 नगर निगमाें में कांग्रेस के महापौर चुने गए थे। अभी केवल 13 निगमों में कांग्रेस है और एक में भाजपा के महापौर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *