काम नहीं आई सीएम भजनलाल की मान-मनौव्वल, बजट के दिन ‘गायब’ रहीं वसुंधरा
जयपुर. राजस्थान की वित्त मंत्री दीया कुमारी ने भजनलाल सरकार का पहला पूर्ण बजट पेश किया। जिसमें युवाओं के साथ-साथ महिलाओं पर खास ध्यान दिया गया। इसके अलावा बिजली, पानी, सड़क, पर्यटन के लिए बड़ी घोषणाएं की गई। हालांकि, बजट वाले दिन राजस्थान के कई दिग्गज नेताओं की गैर मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रहीं। प्रदेश के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ हाल ही में मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले किरोड़ी लाल मीणा बजट के दौरान सदन से गायब रहे। इन तीन नेताओं में सबसे ज्यादा पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने चौंकाया।
दरअसल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बजट से तीन दिन पहले रविवार शाम को पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के 13, सिविल लाइंस आवास पर पहुंचे थे। जहां पर दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक चर्चा हुई थी। सियासी जानकारों की मानें तो सीएम भजनलाल ने वसुंधरा राजे को मनाने की कोशिश की। साथ ही बजट के साथ ही आगामी उपचुनाव को लेकर भी चर्चा की। लेकिन, चौंकाने वाली बात ये रही कि बजट वाले दिन वसुंधरा राजे विधानसभा ही नहीं पहुंची।
