MP के 6 बड़े शहरों में AQI 300 के पार, ग्वालियर सबसे प्रदूषित

भोपाल. दीपावली पर पटाखों से बिगडी प्रदेश के प्रमुख शहरों की हवा दो दिन बाद भी संभल नहीं पाई। प्रदूषण का स्तर इतना अधिक है कि प्रदेश के 6 शहरों की हवा औद्योगिक क्षेत्रों से भी ज्यादा खराब बनी हुई है। राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर और देवास में वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 के पार बना हुआ है। वहीं सिंगरौली, मंडीदीप और पीथमपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर इन शहरों के मुकाबले कम रहा। मंगलवार शाम 6 बजे तक दर्ज आंकडों में ग्वालियर 375 एक्यूआई के साथ प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। उज्जैन 369, इंदौर में 330 और राजधानी भोपाल में 329 एक्यूआई दर्ज किया गया। जबलपुर में यह 310 और देवास में 307 रहा।
6 शहरों में लगातार तीन दिन से एक्यूआई 300 के पार
चिंताजनक स्थिति यह है कि इन सभी 6 शहरों में लगातार तीन दिन से एक्यूआई 300 या इससे अधिक बना हुआ है। उज्जैन में 9 नवंबर को एक्यूआई 435 तक पहुंच गया था। भोपाल में 380 और इंदौर में 386 दर्ज किया गया था। इसके बावजूद अगले दिन भी प्रदूषण का स्तर 300 से नीचे नहीं आ सका। औद्योगिक क्षेत्रों से भी खराब शहरों की हवा-प्रदूषण की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि औद्योगिक क्षेत्रों में भी हवा अपेक्षाकृत साफ दर्ज हुई। 10 नवंबर को सिंगरौली का एक्यूआई 230, मंडीदीप का 203 और पीथमपुर का 115 रहा। इसके उलट प्रदेश के 6 प्रमुख शहरों में यह 300 से अधि था यानी औद्योगिक गतिविधियों के लिए पहचाने जाने वाले क्षेत्रों के मुकाबले बडे शहरों में वायु प्रदूषण ज्यादा गंभीर स्थिति में पहुंचा हुआ है। पटाखों का धुआं, वाहनों का उत्सर्जन, सडकों की धूल और निर्माण गतिविधियां प्रदूषण बढाने वाले कारक हो सकते हैं।
प्रदेश के 7 शहर नॉन-अटेनमेंट सिटी
राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम लागू होने के बाद भी मध्य प्रदेश के 7 शहर- इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर और देवास बीते 5 साल से राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता मानकों को पूरा नहीं करने के कारण नान अटेनमेंट सिटी में बने हुए है। एनजीटी बीते पांच साल से लगातार इन शहरों में वायु गुणवत्ता की स्थिति बेहतर करने के लिए रिमाइंडर भेजता रहा है लेकिन उद्योगों और वाहनों से निकलने वाला धुआं और धूल के कण इन शहरों को प्रदूषित बनाए हुए है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *