MP में नई विमानन नीति लाएगी सरकार, एविएशन सेक्टर में निवेश को मिलेगा बढ़ावा

भोपाल. राज्य सरकार प्रदेश में नई विमानन नीति-2027 (एविएशन पॉलिसी) लाएगी। इसका प्रारूप तैयार किया गया है। वल्लभ भवन मंत्रालय में मंगलवार को मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल द्वारा ली गई वरिष्ठ सचिव समिति की बैठक में प्रस्तावित नीति के प्रारूप पर चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, विमानन, नगरीय विकास एवं आवास, वित्त सहित अन्य विभागों के अपर मुख्य सचिव व प्रमुख सचिव उपस्थित रहे।
निवेश अनुकूल बनेगी नई विमानन नीति
नई नीति को निवेश अनुकूल बनाया जाएगा। इस प्रस्तावित नीति में विमान और हेलीकॉप्टर के उपकरण बनाने वाली कंपनियों को मप्र में निवेश करने पर अनुदान, रियायती दर पर भूमि, बिजली, पानी उपलब्ध कराने जैसे प्रावधान प्रस्तावित हैं। नीति में पायलट को प्रशिक्षण देने वाले स्कूल व ट्रेनिंग सेंटर को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रस्तावित नीति में हवाई नेटवर्क, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और पर्यटन व आपातकालीन सेवाओं के विस्तार के लिए कई प्रावधान किए गए हैं।
नए जेट विमान के संचालन और दिसंबर तक हेलीकॉप्टर आने पर चर्चा
बैठक में राज्य सरकार के नए जेट विमान के संचालन को लेकर भी चर्चा हुई। साथ ही नए हेलीकॉप्टर को लेकर हुई चर्चा में बताया गया कि अगले माह दिसंबर तक नया हेलीकॉप्टर आ जाएगा। यह अलग-अलग पार्ट में जहाज से पहले मुंबई पहुंचेगा। फिर असेंबल होगा। यानी अलग-अलग पार्ट को जोड़कर तैयार किया जाएगा। इसके बाद केंद्र सरकार की मानक प्रक्रिया को पूरा कर मप्र लाया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *