ग्वालियर में धर्मांतरण समारोह की शिकायत, बेथेस्डा कॉलेज में पुलिस की जांच
ग्वालियर. बिजौली इलाके में रतवाई ग्राम स्थित बेथेस्डा इंस्टीट्यूट में ईसाई समाज के वार्षिक कार्यक्रम को लेकर आई शिकायत के क्रम में पुलिस की जांच जारी है। आठ नवंबर तक यह कार्यक्रम निर्धारित था, जिसके बाद काफी लोग चले गए और कुछ के अभी यहीं रुकने की जानकारी है। पुलिस टीम ने बेथेस्डा कॉलेज में पहुंचकर जो जांच की, उसमें यहां आए लोगों की आईडी भी जुटाई हैं और जो रिकॉर्ड आयोजकों की ओर से दिया गया, उसकी जांच की जा रही है।
अधिकतर लोग बाहर से आए थे
अभी तक की जांच में पुलिस को यह पता चला कि आयोजन में अधिकतर लोग बाहर से आए थे और स्थानीय लोग शामिल हैं या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के हाथ जो भी रिकॉर्ड आया है, उसकी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। वहीं आयोजन की अनुमति के मामले में आयोजकों की ओर से अभी तक कुछ भी पेश नहीं किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
शिकायतकर्ता ने सीएम तक की शिकायत
बता दें कि इस मामले में शिकायतकर्ता चंद्रकांत मिश्रा निवासी डीडी नगर ने सीएम डॉ. मोहन यादव से लेकर गृह मंत्री व ग्वालियर के कलेक्टर व एसपी को शिकायत की है। शिकायत में बताया है कि रतवाई ग्राम में बेथेस्डा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी नामक ईसाई मिशनरी द्वारा इंजीनियरिंग कॉलेज चलाया जा रहा है।
