भाजयुमो नेता के फोटो लगाकर बनाई फेक आईडी से अस्पताल पर जॉब लगाने के नाम पर ठगी
ग्वालियर. भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री राहुल भदौरिया का फोटो लगाकर सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर ठगी काी मामला सामने आया है। आरोपियों ने भाजयुमो नेता का मंत्रियों के साथ फोटो लगाकर मयंक साहू के नाम से फेक आईडी बनाकर लोगों को अस्पताल में जॉब लगवाने का झांसा दिया। सोशल मीडिया पर जुडे़ युवाओं का लगा कि ऑफर में जॉब मिल रही है।
नौकरी लगवाने के नाम पर खर्च भी कुछ ज्यादा नहीं गया। ज्वॉइनिंग फार्म व आईडी के लिये सिर्फ 2 हजार रूपये मांगे, किसी -किसी से 3 हजार रूपये डिमांड की। प्रोफाइल में बड़े नेताओं व मंत्रियों के साथ फोटो देखकर युवा ट्रांजेक्शन करते रहे। घटना का पता उस समय चला, जब भाजयुमो नेता के पास लोगों के कॉल आये, पता चलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ कर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्या है मामला
हजीरा स्थित संजय नगर निवासी राहुल भदौरिया भारतीय जनता युवा मोर्चा में बतौर जिला महामंत्री पदस्थ हैं। वह कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हैं। कुछ दिन पहले उनके परिचितों के फोन आया। पूछा कि क्या परेशानी है, तो वह टेंशन में आ गए, क्योंकि ना तो उन्हें परेशानी थी और ना ही चर्चा की थी।उन्होंने पूछा कि आप इस तरह क्यों पूछ रहे हो। पता चला कि राहुल का फोटो लगाकर इंस्टाग्राम पर साहू मयंक नाम से एक आईडी से मैसेज व पोस्ट आ रही है कि जॉब करें, तो संपर्क करें। कोई संपर्क करता था, तो उससे रुपए मांगे जा रहे हैं। इसका पता चलते ही राहुल समझ गए कि उनके नाम से किसी ने धोखाधड़ी की है। तत्काल एसपी ग्वालियर से मामले की शिकायत की।
दो आरोपी पकड़े, पूछताछ जारी
साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह तोमर ने मामले की जांच के लिए एसआई धर्मेन्द्र शर्मा, हरेन्द्र राजपूत और रवि लोधी के नेतृत्व में एक टीम तैयार की। पुलिस टीम ने पहले बैंक से उस नंबर की जानकारी निकाली, जिसमें पैसा जा रहा था। पता चला कि यह शिवा विश्वकर्मा का खाता है। साथ ही, पता चला कि जिस आईडी से नकली आईडी तैयार की है वह शिवम सविता की है, तो साइबर सेल ने उन्हें राउंडअप कर लिया। दोनों आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की गई है।
