हॉकफोर्स को मिली सफलता 14 लाख रुपए का इनामी नक्सली मुठभेड़ में ढेर

भोपाल, हॉकफोर्स ने बालाघाट जिले के कोठियाटोला के जंगल में सोमवार को एक हार्डकोर नक्सली सोहन उर्फ उकास उर्फ आयतु को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। मुठभेड़ में मारा गया नक्सली तीस वर्षीय सोहन आईइडी (विस्फोटक) बनाने में एक्सपर्ट था। वह छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले का रहने वाला है। यह मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में नक्सली गतिविधियों में संलिप्त था, जिस पर 14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। उकास केबी डिवीजन का एसीएम था। उसके पास से 315 बोर की रायफल तथा केनवुड वायरलेस सेट बरामद किया गया है।
हॉकफोर्स को सूचना मिली थी की बालाघाट के हट्‌टा थाना क्षेत्र के गोदरी पुलिस चौकी के ग्राम कोठियाटोला जंगल क्षेत्र में जीआरबी तथा केबी डिवीजन के नक्सलियों की गतिविधि है व वह सादे कपड़ों में राशन और दैनिक उपयोग की सामग्री एकत्र करने के लिए कोठियाटोला गांव पहुंच रहे हैं। इस आसूचना पर हॉकफोर्स ने जंगल में सघन सर्च अभियान आरंभ किया। हॉकफोर्स ने कोठियाटोला गांव में सादे कपड़ों में जा रहे 10-12 नक्सलियों को पूछताछ के लिए आवाज लगाई। इस दौरान संदिग्ध नक्सलियों द्वारा हॉकफोर्स पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। आत्मरक्षा करते हुए हॉकफोर्स के जवानों ने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान नक्सली घने जंगल और पहाड़ की आड़ लेकर भाग गए। सर्चिंग के दौरान एक नक्सली का शव बरामद हुआ। जिसकी शिनाख्त केबी डिवीजन के खूंखार एसीएम सोहन उर्फ उकास उर्फ आयतु के रूप में की गई। इस बात की पूर्ण संभावना है कि मुठभेड़ में कुछ अन्य नक्सली घायल हुए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पांच वर्षों में 19 इनामी नक्सली धराशायी
विगत 05 वर्षों में पुलिस-नक्सल मुठभेड़ों में 19 इनामी नक्सली धराशायी किए गए हैं । इन सभी मृतक नक्सलियों पर मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा संयुक्त रूप से 3.17 करोड़ का इनाम घोषित था। उपलब्धियों के लिहाज से वर्ष 2022 ऐतिहासिक रहा है, इस दौरान 3 मुठभेड़ों में 6 नक्सलियों को धराशायी करने में सफलता प्राप्त हुई । मृतक नक्सलियों में 03 डीव्हीसीएम तथा 1 कमाडंर धराशायी किये हैं, जिनके पास से 3 एके-47 रायफल जब्त की गई। विगत 5 वर्षों के दौरान विभिन्न मुठभेड़ों में 5 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इन नक्सलियों पर संयुक्त रूप से 138.00 लाख रुपए का इनाम घोषित था ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *