ग्वालियर चंबल में भारी बारिश के कारण 3 ऩेशनल हाईवे बंद
ग्वालियर. मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी है, कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश हो रही है। ग्वालियर चंबल के सभी जिलों में बारिश ने लोगों की परेशानी बढा दी है। श्योपुर, शिवपुरी और मुरैना में जनजीवन प्रभावित हुआ। श्योपुर में भारी बारिश हालात बिगड गए। यहां बडौदा में 24 घंटे में ही 14 इंच बारिश हुई। नदी-नाले उफन गए। जिले का प्रदेश के अन्य हिस्सों और पडोसी राजस्थान से संपर्क कट गया। बारिश के परवान चढने से पहले ही कई इलाकों में पानी भरने से रेस्क्यू के लिए प्रशासन को नाव की मदद लेनी पडी।
उफान पर आ गई नदियां
श्योपुर, बड़ौदा और मानपुर से 50 लोगों को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है। श्योपुर के विजयपुर में एक स्कूली वैन चालक पर प्रशासन ने केस दर्ज कराया है। उसने उफान पर चल रही क्वारी नदी के पुल पर वैन उतार दी थी। लगातार बारिश से श्योपुर शहर के पास सीप, अमराल और कदवाल नदियों का जलस्तर बढ़ गया। बड़ौदा में अहेली नदी और तीनों नाले उफने। बड़ौदा नगर टापू बन गया। मानपुर कस्बे के निचले क्षेत्र में सीप नदी का पानी घुसा तो अस्पताल में जलभराव हो गया। वहीं, भोपाल में से शनिवार तड़के तक बारिश हुई। दोपहर बाद हल्की धूप खिली। भोपाल में तीन दिन हल्की से मध्यम बौछारें पड़ेंगी।
तीन हाईवे पर आवाजाही बंद
लगातार बारिश से पार्वती नदी के उफनने से खातौली पुल डूब गया। इससे प्रदेश को राजस्थान से जोडऩे वाला कोटा हाईवे बंद हो गया। बड़ौदा हाइवे पर पानी से श्योपुर बारां और बावंदा नाला ओवर फ्लो होने से श्योपुर शिवपुरी हाईवे बंद हो गया।
