भिंड में परीक्षा केंद्र का नजारा देखकर एसडीएम रह गए दंग, पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में खुलेआम चल रही नकल

भिंड. कस्बे में कॉलेज परीक्षाओं के दौरान खुलेआम नकल चल रही है। गुरुवार सुबह एसडीएम लहार विजय सिंह और नायब तहसीलदार जगन कुशवाहा परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। यहां शासकीय काॅलेज लहार एवं आईटीआई काॅलेज में बीए और बीएससी की परीक्षा संचालित हो रही थी। जब एसडीएम उक्त परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे तो वहां नजारा कुछ और ही था।
परीक्षार्थी बैठकर आराम से नकल कर रहे थे। हैरत की बात तो यह है कि पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में ही नकल की जा रही थी। एसडीएम ने उक्त केंद्रों पर पहुंचकर नकलचियों को पकड़ा, जिसमें आइटीआइ कालेज में चार नकलची दो बीएससी के और दो बीए के छात्र एवं छात्राएं थी। एसडीएम ने मौके पर ही नकल प्रकरण बनाए। एसडीएम ने पर्यवेक्षक व केंद्र प्रभारी राजेंद्र कुमार सोनी एवं एसपी सिसोदिया को फटकार लगाते हुए कहा कि तुम लोग क्या देख रहे हो। क्या तुम लोगों इसलिए नियुक्त किया गया है, कि यहां बच्चों को नकल कर कर इनका भविष्य खराब करवा रहे हो। इस पर दोनों ही कर्मचारी कोई जवाब नहीं दे सके। इसके बाद एसडीएम एवं नायब तहसीलदार शासकीय महाविद्यालय लहार पहुंचे। जहां चार कक्षा में बीए और बीएससी की परीक्षा चल रही थी। एसडीएम जब कॉलेज में प्रवेश किया तो नकलची सतर्क हो गए एवं नकल पर्चियां खिड़कियों से बाहर फेंकते हुए दिखाई दिए। एसडीएम ने कक्षा में देखा तो छात्रों के आसपास कुछ निकल पड़ी हुई थी। खिड़कियों से बाहर बड़ी मात्रा में एवं अलमारी के ऊपर और नीचे नकल के पर्चे एवं नकल की गाइडें पाई गई।
यहां भी एक विद्यार्थी नकल करता हुआ पाया गया, जिसका प्रकरण एसडीएम ने बनवाया। इन कक्षाें में तैनात पर्यवेक्षक मनीष कुमार, रविंद्र सिंह कुशवाहा, प्रमोद मोनस एवं संगीता चौहान के द्वारा कार्य में लापरवाही बरती गई। एसडीएम ने उक्त पर्यवेक्षकों को फटकार लगाई और उन्हें अपना कर्तव्य याद दिलाया साथ ही मौके पर से ही उक्त घटना के संदर्भ में कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को अवगत कराया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *