करोड़ों के घोटाले में सीबीआई की कार्रवाई, इंदौर से एडवाइजरी फर्म के 2 संचालकों को पकड़ा

इंदौर. केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई) के विशेष दस्ते ने एडवाइजरी फर्म संचालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों पर देशभर के सैकड़ों निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। इस घोटाले की भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी)और पुलिस भी जांच कर रही है। कंपनी पर देशभर में 29 से ज्यादा प्राथमिकी दर्ज है।
सीबीआई (मुंबई) ने हाईकोर्ट के आदेश पर हाई ब्रो मार्केट रिसर्च इन्वेस्टमेंट एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड (हाई ब्रो) के विरुद्ध जांच शुरु की थी। आरोपित अवैध पोर्टफोलियो प्रबंधन सेवा (पीएमएस) चला रहे थे। आरोपितों ने वाट्सएप,टेलिग्राम ग्रुप के माध्यम से उच्च शिक्षित निवेशकों को झांसे में लिया और भारी रिटर्न का झांसा देकर करोड़ों रुपये निवेश करवाए। कोविड के बाद निवेशकों ने सेबी को ऑन लाइन शिकायतें भेजना शुरू की।फर्जीवाड़ा में विभिन्न राज्यों में करीब 29 आपराधिक प्रकरण दर्ज हुए थे। समूह ने 2022 में बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और सेबी से जांच की मांग की।
मामले में कंपनी के प्रमोटर गिरीश कुमार,चंदनसिंह राजपूत,मोहित श्याम रत्न छपरवाल,लक्ष्मीकांत लालमनी,हेमंत अग्रवाल,स्वप्निल विजय कुमार प्रजापति, संजना,अनामिका, पूर्वी, मोहिता,रजत सिंघानिया,वरुण सिंह आदी के विरुद्ध जांच शुरू हुई। फर्जीवाड़ा में करीब 250 बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव के भी शामिल होने के सबूत मिलें। आरोपित बंद हो चुकी वेबसाइट वेज टू केपिटल डाॅट काम के माध्यम से निवेश करवाते थे। सीबीआइ ने गुरुवार को एक साथ दो जगह छापे मारे और हेमंत व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों का शाम को एमवाय अस्पताल में मेडिकल चेकअप करवाया और स्थानीय पुलिस के पास छोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *