पुलिस की जीप में दामाद की चप्पलों से पिटाई, पत्नी की हत्या का आरोप है तो भीड़ ने घेरा
रीवा. बेटी की मौत पर मायके की महिलाओं ने दामाद को पुलिस जीप में ही चप्पलों से पिटाई कर दी। उनका आरोप है कि पति और ससुराल वालों ने मिलकर बेटी की हत्या की है। जिला अस्पताल में रविवार की सुबह से ही मायके और ससुराल वालों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
दोपहर होने तक भीड़ बढ़ गयी और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये। हंगामा बढ़ने पुलिस मौके पर पहुंची। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने महिला के पति को जीप में बैठाया और थाने ले जाने लगी इतने में भीड़ ने गाड़ी घेर ली। महिलाओं ने पानी की बोतल और चप्पलों से दामाद की पिटाई शुरू कर दी। पुलिस ने किसी तरह से महिला को पति को बचाकर थाने ले गयी।
दहेज के लिए परेशान करने का आरोप
भोलगढ़ की दीक्षा पाठक की शादी शहर के विंध्य विहार कॉलोनी के ऋषि मिश्रा से 29 मई 2023 को हुई थी। परिजन के मुताबिक, शनिवार – रविवार की दरमियानी रात 3 बजे उन्हें फोन पर बताया गया कि दीक्षा की तबीयत खराब है। अस्पताल पहुंचे तो बेटी मृत मिली। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वाले दहेज के लिए बेटी को परेशान कर रहे थे। मजबूरी में हमने जमीन बेचकर 5 लाख रुपए दिए थे।
महिला के पति से पूछताछ कर रहे
सिविल लाइन थाना प्रभारी कमलेश साहू के मुताबिक, केस दर्ज किया है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। महिला के पति से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।
