ग्वालियर में बिजली सिस्टम फेल, ब्रेकडाउन से घंटों आमजन परेशान
ग्वालियर. ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के शहर में बिजली सिस्टम गडबडाया हुआ है। पहले गर्मी में ओवरलोड और अब वर्षा आते ही फाल्ट के कारण बिजली के ब्रेकडाउन की शिकायतें आम हो गई है। इससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। वातावरण में उसमय से बिजली जाते ही लोगों का पूरा शरीर पसीने से तर-बतर हो रहा है और इधर बिजली ब्रेकडाउन की समस्या कुछ ज्यादा ही बढ गई है। कभी-कभी तो लंबे समय तक बिजली गायब रह रही है। बाधित बिजली व्यवस्था से आमजन हैरान परेशान है। बावजूद इसके विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी लापरवाह बने हुए है। रात के समय अगर बिजली गुल हो जाए तो कोई देखने वाला नहीं ऐसे में आमजन को बिना बिजली के ही पूरी रात काटना पडती है।
रात में नगर संभाग केन्द्रीय के बाराघाटा जोन में फाल्ट हो जाने से करीब पांच घंटे बिजली गुल रही। इसी तरह की स्थिति नगर संभाग पूर्व में रही। आंधी-पानी के कारण कई जगहों पर पेड़ और कहीं डालियां गिरने से भी लोगों को निर्बाध बिजली नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण इलाकों में तो बिजली की स्थिति और भी बुरी है। कहीं बिजली गायब तो कहीं लो वोल्टेज की समस्या है।
साल भर विद्युत वितरण कंपनी द्वारा मेंटेनेंस काम किए जाने के बाद भी बिजली का सिस्टम गड़बड़ाया हुआ है। कंपनी का सिस्टम उस समय और ज्यादा परेशानी देता है जब बिजली गुल होने पर एइ से लेकर जेइ आमजन के फोन नहीं उठाते। जबकि ऊर्जा मंत्री अफसरों को फोन उठाने और समस्या का निराकरण जल्द करने के निर्देश दे चुके हैं।
