माधोगंज के पानपत्ते की गोठ में सिर में गोली मारकर युवक की हत्या, हत्यारे अज्ञात
ग्वालियर. अज्ञात बदमाशों ने गुरूवार-शुक्रवार की दरमियानी रात में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली युवक के सिर में लगी थी। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। घटना माधवगंज थाना इलाके के पानपत्ते की गोठ मंशापूर्ण हनुमान मंदिर के पास की है। घटना का पता तब चला जब स्थानीय लोग मंदिर पर पूजा करने पहुंचे तो युवक का शव पड़ा हुआ था। जिसकी खबर तत्काल स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल एक्सपर्ट घटनास्थल पर पहुंचे, जहां पड़ताल के बाद युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया। अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी है। फिलहाल यह पता नहीं चल सका हत्या करने वाले कौन है।
प्राइवेट जॉब करता था मृतक
ग्वालियर की माधौगंज थाना पुलिस को शुक्रवार सुबह 6.00 बजे सूचना मिली थी कि एक युवक की शव पान पत्ते की गोठ मंशापूर्ण हनुमान मंदिर के पीछे शासकीय माध्यमिक विद्यालय गेट के बाहर पड़ा हुआ है। शव मिलने का पता चलते ही पुलिस अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच की तो पता चला कि अज्ञात बदमाशों ने युवक के सिर में गोली मारकर हत्या की है। मृतक युवक की पहचान 25 वर्षीय मन्नाथ उर्फ भानू छारी पुत्र महेश छारी निवासी गुढा के रूप में हुई है।

