सिटीसेंटर में लूटी शिक्षिका की चेन, बेटियों को डांस क्लास लेकर जा रही थी घर

वारदात करने वाले बदमाश, सीसीटीवी कैमरे में हुए कैद - Dainik Bhaskarग्वालियर. सिटीसेंटर के पटेलनगर इलाके में मोटरसाईकिल सवार 2 बदमाश एक स्कूटी सवार महिला शिक्षक पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट कर भाग गये। घटना के वक्त महिला शिक्षक अपनी बेटियों को घर ले जा रही थी। रविवार की सुबह पटेलनगर की है। बदमाशों ने इस तरह झपट्टा मारा कि शिक्षिका स्कूटी से गिरते-गिरते बची।
महिला ने शोर मचाया लेकिन जब तक कोई मदद के लिये आता तब तक बदमाश बाइक से तेज रफ्तार कर मौके से भाग गये। घटना की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज तलाशे तो एक जगह बदमाशों के भागते हुए दिखाई दिये।
क्या है मामला
शहर के थाटीपुर स्थित गायत्री विहार कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय उपजीत मिश्रा पत्नी पत्रकार स्व. हृदेश मिश्रा एक शिक्षिका हैं। वह छात्र-छात्राओं को प्राइवेट कोचिंग देती हैं। उनकी दो बेटियां हैं, जो अभी गोविन्दपुरी में डांस सीखती हैं। हर सुबह वह डांस सीखने जाती हैं और उसके बाद उपजीत मिश्रा उन्हें स्कूटी से लेकर घर वापस आती हैं। ऐसा पता लगा है कि उपजीत दो दिन से अपने मायके में ही रह रही थीं। मायके सेवा नगर से ही बच्चियों को डांस क्लासेस लेकर आ रही थीं। रविवार सुबह वह रूटीन वर्क की तरह बेटियों को डांस क्लास से लेकर वापस मायके जा रही थीं और अभी सिल्वर ओक होटल के आगे बिन्दल फर्नीचर के पास पहुंची ही थीं कि तभी बाइक पर सवार दो बदमाश आए और झपट्टा मार कर उनके गले से करीब डेढ़ तोला वजनी सोने की चेन लूट ले गए।
फरियादी ने बताया लुटेरों का हुलिया
लूट की शिकार फरियादी उपजीत मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि दोनों बदमाशों की उम्र लगभग 30 से 32 साल के बीच होगी। एक बदमाश ने टी-शर्ट, जींस के साथ ब्लू कलर की कैप लगाई थी। दूसरा बदमाश गुलाबी शर्ट व जींस पहने हुए था। घटनास्थल के पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों के फुटेज आये हैं।
पुलिस बोली
थाना विश्वविद्यालय थाने के सबइंस्पेक्टर विनोद कुमार बोले कि बच्चियों को लेकर मायके जा रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना की सूचना मिलते पर थाने का बल घटनास्थल पर पहुंचा था। जहां जांच पड़ताल के बाद घटनास्थल पर लगे। कुछ सीसीटीवी कैमरे के फुटेज मिल हैं। जिसमें 2 बदमाश घटना को अंजाम देकर भागते हुए दिखाई दे रहे थे। पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *