शुरू हुई नई उड़ान सेवा, जानें ग्वालियर से भोपाल, इंदौर, उज्जैन का कितना लगेगा किराया
ग्वालियर. देश के बडे शहरों के साथ अब प्रदेश के छोटे शहरों से भी ग्वालियर को फ्लाइट सेवा से जोडा जा रहा है। इसी के तहत अब ग्वालियर के लोगों को 11 शहरों के लिए फ्लाइट की सुविधाएं मिलनी शुरू हो गई है। शनिवार को पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा के तहत प्रदेश के पांच शहरों को विमान सेवा से ग्वालियर से जोड दिया गया है। इसके तहत अब ग्वालियर से सीधे भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, खजुराहो के लिए भी हवाई यात्रा कर सकते है। अभी तक ग्वालियर से मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरू, हैदराबाद, इंदौर और अहमदाबाद के लिए फ्लाइट की सुविधा थी। पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा के अंतर्गत हवाई सेवा के लिए 6 पैसेंजर सीट वाले एयर क्राफ्ट का संचालन किया जाएगा। शनिवार को पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा का शुभारंभ किया गया। इसमें पर्यटन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी भोपाल से विमान में ग्वालियर पहुंचे। वहीं कार्यक्रम में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया नई दिल्ली से वर्चुअल जुडे।
ग्वालियर से किस दिन किस शहर को उडान
शहर को सप्ताह में दो दिन मंगलवार को इंदौर, भोपाल एवं उज्जैन व शनिवार को भोपाल से जोडा जा गया है।
उज्जैन शहर को सप्ताह में तीन दिन मंगलवार को इंदौर, भोपाल और ग्वालियर व बुधवार को इंदौर, भोपाल और जबलपुर व रविवार को इंदौर और भोपाल से जोडा जा रहा है।
रीवा शहर को सप्ताह में सोमवार व गुरूवार दो दिवस इंदौर, जबलपुर व भोपाल से जोडा गया है। खजुराहो को सप्ताह में एक दिन शुक्रवार को भोपाल और जबलपुर के लिए यह विमान सेवा उपलब्ध रहेगी।
यात्रा किराया अधिक होने को लेकर चर्चा
फिलहाल विमान कंपनी ने यात्रा किराए में एक महीने के लिए प्रमोशनल डिस्काउंट रखा है। 50 फीसदी छूट के बाद भी ग्वालियर से भोपाल का प्रति यात्री किराया चार हजार रुपए से अधिक है। छूट खत्म होने के बाद यह 8250 रुपए होगा। इतना ही किराया इंदौर का रहेगा जबकि पहले से ग्वालियर से इंदौर के बीच चल रही फ्लाइट का किराया इससे आधा है। वहीं उज्जैन के लिए किराया आठ हजार से कम होगा।
कैसे करें ऑनलाइन टिकट बुकिंग
हेलिकॉप्टर से यात्रा के लिए आसानी से टिकट बुक की जा सकती है। ऑनलाइन टिकट भी बुक की जा सकती है। इस पर आपको ऑफर से लेकर टाइम शेड्यूल और किराए से जुड़ी सारी जानकारी मिल जाएगी। टिकट में 2 साल तक के बच्चों का पैसा नहीं लगेगा।
