बेकाबू ट्राॅले ने 6 वाहनों को मारी टक्कर, एक की मौत, एक गंभीर घायल

खंडवा.खंडवा-हरसूद मार्ग पर आशापुर में रविवार को तेज रफ्तार ट्राॅला एक बाइक चालक को टक्कर मारने के बाद बेकाबू होने से छह अन्य वाहनों को टक्कर मार कर पलट गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। वाहनों को टक्कर लगने से कई लोगों को चोटें भी आई हैं। मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। दुर्घटना से बस स्टैंड क्षेत्र में कोहराम मच गया।
हरदा की ओर से आ रहा था ट्रॉला
ट्र्राॅला क्रमांक एमपी 07 एचबी 37773 हरदा की ओर से बालू रेत भरकर खंडवा आ रहा था। आशापुर स्थित अग्नि नदी के पुल से उतरते समय चालक नियंत्रण खो दिया। सबसे पहले बाइक को चपेट में लेने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यहां से कुछ दूरी पर बस स्टैंड पर खड़ी बस को पीछे से टक्कर मारने के बाद लोडिंग को टक्कर मारने से उसमें भरे अंडे सड़क पर फैल गए। इसके बाद एक अन्य बाइक, लोडिंग वाहन, कार को टक्कर मारने के बाद कुछ दूर जाकर ट्राॅला भी पलट गया। लोगाें ने पीछा किया तो चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के मंजर से गांव में दहशत और आक्रोश है। इस हादसे में कई लोगों को चोटें आई हैं। उन्हें लोगों ने एंबुलेंस से हरसूद व खंडवा अस्पताल भेजा है। रविवार होने से बस स्टैंड क्षेत्र में इस समय भीड़ कम होने से बड़ा हादसा होने से बच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *