खेलों के उत्थान के लिए मध्यप्रदेश सरकार हर संभव सहयोग करेगी – मुख्यमंत्री
ग्वालियर – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ग्वालियर में मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा 210 करोड़ रूपए की लागत से 20 हजार दर्शक क्षमता वाला अत्याधुनिक स्टेडियम का निर्माण पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्रीमंत स्व्. माधवराव सिंधिया के नाम किया है। यह स्टेडियम न केवल ग्वालियर, प्रदेश व देश में भी अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को ग्वालियर में नवनिर्मित स्टेडियम के लोकार्पण एवं एमपीएल-2024 मध्यप्रदेश लीग – सिंधिया कप के शुभारंभ अवसर पर यह बात कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केन्द्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दिल में खेलों के लिये असीम प्यार है। वे खेलों को बढ़ावा देने के लिये हर संभव सहयोग कर रहे हैं। ग्वालियर के लिये आज ऐतिहासिक दिन है। जब मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा 210 करोड़ रूपए की लागत से 20 हजार दर्शक क्षमता वाला स्टेडियम लोकार्पित किया जा रहा है। यह स्टेडियम मेरे पूज्य पिताजी स्व. माधवराव सिंधिया के नाम किया गया है। उनका सपना था कि ग्वालियर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बने।
ग्वालियर में आने वाले दिनों में हम सभी के सहयोग से 50 हजार क्षमता वाला एक अत्याधुनिक स्टेडियम का निर्माण भी करेंगे। इसमें मध्यप्रदेश शासन का सहयोग अपेक्षित है। ग्वालियर में पहली बार मध्यप्रदेश लीग – सिंधिया कप का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेश की पाँच टीमें अपनी खेल क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगीं। इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ी आने वाले दिनों में देश की टीम में शामिल होकर सम्पूर्ण देश का नाम भी गौरवान्वित करेंगे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जीडीसीए के अध्यक्ष अभिलाष खाण्डेकर एवं उपाध्यक्ष महाआर्यमान सिंधिया ने भी अपने विचार रखे। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर आतिशबाजी का भी प्रदर्शन किया गया।
