BJP ने सहयोगी दलों की चर्चा, JDU-BJP के बीच मंत्रिमंडल का फॉर्मूला तैयार

नई दिल्ली. पीएम नरेन्द्र मोदी 3.0 सरकार में घटक दल के नेता नीतीश कुमार की ओर से कहा गया था कि उन्हें कैबिनेट में 3 बर्थ चाहिये। हालांकि कौन से मंत्रालय होंगे। इसे लेकर वह पार्टी के नेताओं के साथ बातचीत कर रहे हैं। जयंत चौधरी और जीतनराम मांझी को भी बुलाया गया था और उनकी इच्छा भी पूछी गयी। ऐसे में बीजेपी के सामने समस्या यह है कि उसने इतनी कैबिनेट बर्थ अपने सहयोगियों को दी तो भाजपा के जो सांसद इस चुनाव में निर्वाचित हुए हैं। उन्हें कैसे एडजस्ट किया जायेगा।
NDA के घटक दलों से चर्चा कर रहे भाजपा के दिग्गज नेता
आपको बता दें कि मोदी सरकार 3.0 में एनडीए के विभिन्न घटकों की हिस्सेदारी को लेकर भाजपा नेतृत्व और उसके सहयोगियों के बीच गहन चर्चा जारी है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता जैसे अमित शाह और राजनाथ सिंह के अलावा पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा लगातार तेलुगू देशम पार्टी के चन्द्रबाबू नायडू, जेडीयू के नीतीश कुमार और शिवसेना के एकनाथ शिन्दे सहित अन्य सहयोगियों से बातचीत कर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि शिक्षा और संस्कृति के अलावा गृह, वित्त, रक्षा और विदेश जैसे अहम मंत्रालय भाजपा के पास रहेंगे। जबकि उसके सहयोगियों को 5 से 8 कैबिनेट मिल सकते हैं। इसके साथ ही जहां अमित शाह और राजनाथ सिंह जैसे नेताओं का नये मंत्रिमंडल में शामिल होना तय माना जा रहा है तो वहीं लोकसभा चुनाव जीतने वाले पूर्व मुख्यमंत्री जैसे शिवराज सिंह चौहान, बसवराज बोम्मई, मनोहर लाल खट्टर और सर्बानंद सोनोवाल सरकार में शामिल होने के प्रबल दावेदार है।
भाजपा-जेडीयू के बीच मंत्रिमंडल का फार्मूला तैयार
बिहार सरकार में मंत्रिमंडल फॉर्मूले की तर्ज पर केन्द्र में मंत्री बनाये जायेंगे। यानी जितने सांसद भाजपा के मंत्री बनेंगे। उतने ही सांसद जदयू के मंत्री बनेंगे। जेडीयू और भाजपा के अलग-अलग जातीय समीकरण के हिसाब से मंत्री बनेंगे। उदारहरण के तौर पर अगर भाजपा कोटे से किसी यादव को मंत्री बनाया जायेगा तो जेडीयू से यादव जाति का मंत्री नहीं बनाया जायेगा। हालांकि जेडीयू चाहता है कि बिहार से जेडीयू और भाजपा के कोटे से 4-4 किया जाये। एलजेपी और एचएएम को 1-1 मंत्री पद मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *