विवेकानंद नीडम आरओबी की एप्रोच रोड पर डामरीकरण शुरू
ग्वालियर. 42.80 करोड की लागत से बन रहे विवेकानंद नीडम रेलवे ओवर ब्रिज के लिए लोक निर्माण विभाग की ब्रिज शाखा ने 290 मीटर लंबी एप्रोच रोड पर डामरीकरण शुरू कर दिया है। एप्रोच रोड दो हिस्सों में बनाई जाएगी। पहली एप्रोच रोड राजस्व भवन के सामने से पुल तक 120 मीटर और दूसरी एप्रोच रोड न्यू कलेक्ट्रेट छोर से 170 मीटर लंबी रहेगी। राजस्व भवन के छोर पर डामरीकरण का काम शुरू भी हो गया है। गौरतलब है कि आरओबी के मध्य में कॉलम का निर्माण चल रहा है। वहीं रिटेनिंग वॉल का काम पूरा हो चुका है।
क्रांकीट व डामर के लिए बने है मानक
ब्रिज के मध्य से दोनों छोर पर जहां तक कॉलम है और पुल के नीचे ओपन स्पेस व रास्ता है वहां सीमेंट-क्रॉकीट रोड का निर्माण किया जाता है। पुल के नीचे जहां तक रिटेनिंग वॉल रहती है और पुल के नीचे भराव रहता है वहां डामर की सडक डाली जाती है।
967 मीटर लंबा है आरओबी
रेलवे ओवर ब्रिज की लंबाई 967 मीटर है। पुल की चौडाई 18 मीटर रखी गई है। पुल में फुटपाथ भी रहेंगे और दोनों तरफ लोगों की सुविधा के लिए सर्विस रोड भी रहेगी।
2020 में पूरा होना था काम
ग्वालियर के झांसी रोड को न्यू सिटी सेंटर से जोडने के लिए इस आरओबी को बनाने की स्वीकृति 2017 में मिली थी। वर्क ऑर्डर में ब्रिज का निर्माण पूरा होने की समय सीमा 2020 तय की गई। बाद में कोविड व अन्य कारणों से निर्माण में देर होती गई और वर्तमान में भी काम पूरा नहीं हो सका है।
झांसी रोड से जुडेगा न्यू कलेक्ट्रेट मार्ग
विवेकानंद नीडम आरओबी बनने से लोगों को काफी फायदा होगा। जहां झांसी रोड, लश्कर से कम दूरी तय करके न्यू कलेक्ट्रेट व हाईवे तक पहुंचा जा सकेगा वहीं एजी ऑफिस पुल पर भी ट्रैफिक का लोड कम होगा। वर्तमान में इस मार्ग पर राजस्व भवन, संगीत विश्वविद्यालय, पंजीयन कार्यालय कलेक्ट्रेट सहित कई सरकारी कार्यालय है वहीं काफी संख्या में हाउसिंग प्रोजेक्ट भी है।
आरओबी के लिए पहुंच मार्ग का काम शुरू हो गया है। निर्माण एजेंसी ने कुछ हिस्सों में डामरीकरण कर दिया है। यह एप्रोच रोड ब्रिज के दोनों छोर पर बनाई जाना है। हम प्रयास कर रहे है कि काम जल्द ही पूरे हो जाएं।
जोगेन्द्र सिंह यादव, कार्यपालन यंत्री, सेतु संभाग शाखा, लोक निर्माण विभाग
