नदी-नालों, बाँधों व अन्य जल संरचनाओं को अतिक्रमण मुक्त कराएँ
ग्वालियर – हनुमान व वीरपुर बाँध सहित जिले के अन्य बाँधों की साफ-सफाई कराएँ, अतिक्रमण हटवाएँ और पानी की आवक में हो रही रूकावट दूर करें, जिससे इन बाँधों में वर्ष भर पानी रहे। इसी तरह जिले के अन्य जलाशय, नदी-नालों, कुआ-बावड़ियों एवं अन्य जल संरचनाओं से अतिक्रमण हटवाकर जन सहयोग से जीर्णोद्धार कराया जाए। प्रदेश सरकार इन कामों को मूर्तरूप देने में हर संभव सहयोग करेगी। यह बात उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह तथा ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर जिले में “जल गंगा संवर्धन अभियान” (नमामि गंगे – सदानीरा अभियान) को प्रभावी ढंग से धरातल पर लाने के सिलसिले में शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई बैठक में कही।
नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने ग्वालियर शहर में अभियान के तहत कराए जाने वाले कार्यों के बारे में जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्वालियर शहर में सागरताल, पृथ्वी ताल, शारदा विहार कॉलोनी की बावड़ी, मेहराव साहब की तलैया व मुरार नदी की साफ-सफाई व जीर्णोद्धार का कार्य शुरू कर दिया गया है।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था सुचारू रहे
शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था हर हाल में सुचारू रहे। ग्रामीण अंचल की नल-जल योजनायें सुचारू रूप से चलें। साथ ही गाँव-गाँव में जल संरक्षण के प्रयास किए जाएँ। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में टैंकरों के जरिए भी पेयजल की व्यवस्था की जाए। मंत्री द्वय ने यह भी कहा कि चंबल प्रोजेक्ट को मूर्तरूप देने के लिये व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि ऐसा कोई क्षेत्र न रहे जहाँ पाइप लाइन के जरिए पानी न पहुँचता हो।
