देशभर में मानसून गतिविधियां तेज, तटीय क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी
नई दिल्ली. दक्षिण और पूर्वी राज्यों के बाद अब दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर भारत में तेजी से सक्रिय हो रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजस्थान में बारिश हो रही है तो वहीं अलग-अलग स्थानों पर पांच मौसम प्रणालियां सक्रिय होने के कारण मध्य प्रदेश में भी मानसून गतिविधियां तेज हो गई है। ऐसे में कुछ स्थानों पर मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है।
तटीय क्षेत्रों में जारी बारिश
मानसून का सर्वाधिक असर तटीय क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है जहां मूसलाधार बारिश हो रही है। इन क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी पांच दिनों में महाराष्ट्र और तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है साथ ही आगामी 2 दिनों में उत्तर पश्चिम भारत में कुछ स्थानों पर बारिश और आंधी तूफान चलने की संभावना है। इसके अलावा मौसम विभाग ने केरल में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है साथ ही राजस्थान के कुछ जिलों में भी बारिश हो सकती है।
