ड्रोन बैन, नो फ्लाई जोन और जी-20 जैसी सुरक्षा के बीच पीएम मोदी लेंगे शपथ
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी कैबिनेट के साथ 9 जून को शपथ लेने के लिये तैयार हैं। इस शपथ ग्रहण समारोह के लिये सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। राजधानी दिल्ली को हाईअलर्ट पर रखा गया है। राष्ट्रपति भवन में अभेद्य सुरक्षा के इंतजाम किये गये हैं। जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा एकदम जबरदस्त है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शपथग्रहण समारोह के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने 9 और 10 जून के लिये राजधानी मे ंनो फ्लाई जोन घोषित किया है। शपथग्रहण समारोह की सुरक्षा में एसपीजी, राष्ट्रपति के सुरक्षा गार्ड, आईटीबीपी, दिल्ली पुलिस, खुफिया विभाग की टीमें अर्द्धसैनिक बलों के जवान, एनएसजी के ब्लैक कैट कमाण्डो और एनडीआरएफ की टीमें मौजूद रहेंगी। इससे पहले केन्द्रीय गृह मंत्रालय, प्रेसिडेंट हाउस सिक्योरिटी, दिल्ली पुलिस, एनएसजी, आईबी और अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारियों की बैठक में सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता किया गया था।
एंटी ड्रोन सिस्टम और स्नाइपर्स की तैनाती
इसके साथ ही ऊंची इमारतों में एंटी ड्रोन सिस्टम भी तैनात किए जा रहे हैं। NSG के पास मौजूद एंटी ड्रोन सिस्टम शपथ ग्रहण समारोह के दौरान लगे रहेंगे. एनएसजी की मदद से DRDO भी एंट्री ड्रोन सिस्टम की निगरानी कर रहा है. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए घुसपैठ चेतावनी प्रणाली (Intrusion Warning System) और फेस आइडेंटिफिकेशन की AI तकनीक का उपयोग करने से लेकर खुफिया जगहों और ऊंची इमारतों पर स्नाइपर्स की तैनाती भी अलग-अलग स्थान पर रहेगी।
वहीं, विदेशी मेहमान जिन होटलों में रह रहे हैं, उनकी सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की सलाह पर अलग से अधिकारियों को नियुक्त किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, G-20 के दौरान सुरक्षा के जिन स्टैंडर्ड मानकों को अपनाया गया था, उन्हें शपथ ग्रहण के दौरान भी अपनाया जाएगा।
विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के कड़े इंतजाम
विदेशी मेहमानों के लिए विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के साथ-साथ खुफिया विभाग के अधिकारियों को भी तैनात किया जा रहा है, जिससे किसी भी मेहमान को किसी भी तरीके की दिक्कत ना हो और सुरक्षा में कोई परेशानी ना हो। विदेशी मेहमान जिस होटल में रुके हुए हैं वहां से शपथ ग्रहण समारोह स्थल यानी राष्ट्रपति भवन तक आने के लिए ट्रैफिक और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर के आदेशों के अनुरूप शपथ ग्रहण समारोह और गणमान्य लोगों की मौजूदगी के मद्देनजर ग्लाइडर, UAV, UAS, माइक्रोलाइट विमान, दूर से संचालित विमान, गर्म हवा के गुब्बारे, छोटे आकार के विमान, क्वाडकॉप्टर या विमान से पैराजंपिंग पर रोक रहेगी। 9 जून को नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ड्रोन या छोटी या बड़ी किसी भी तरह की उड़ानों पर पाबंदी रहेगी।
