5 बच्चों ने लगातार 7 दिन में खोदा सुधार गृह का रोशनदान, 2 गिरफ्तार

इसी के रोशनदान को उखाड़कर 5 बाल अपचारी फरार हो गए थे।
ग्वालियर. बाल संप्रेक्षण गृह से भागे 5 बाल अपचारियों में से 2 को पकड़ लिया गया है। दोनों अपचारी अपने घर पहुंच गये थे। एक को पुलिस ने घर से ही पकड़ा है, जबकि दूसरे को उसकी मां स्वयं सुधार गृह छोड़ गयी। 3 बाल अपचारियों की तलाश की जा रही है। सीएसपी राजीव जंगल ने बताया, पांचों नाबालिग एक हफ्ते से साथ नजर आ रहे थे। किसी को भनक भी नहीं लगी कि यह भागने की प्लानिंग कर रहे हैं क्योंकि पांचों एक ही रूम रहते थे। प्लानिंग के तहत नाबालिग रात में बारी-बारी से बाथरूम में जाते और यहां के वेंटिलेशन को थोडा-थोड़ा खोदते रहे। वह यह काम बिना आवाज किये करते थे।
गुरूवार की रात का ेवह अपने काम में सफल हो गये। नाबालिगों ने वेंटिलेशन में लगी ग्रिल निकाल ली। इसके बाद गुरूवार -शुक्रवार की दरमियानी रात 3 से 5 बजे के बीच एक-एक कर भाग निकले। शुक्रवार की सुबह 6.15 बजे जब अन्य बाल अपचारी बाथरूम गये ।तब मामले का पता चला। यहां कुल 12 बाल अपचारी रह रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इतनी कम उम्र में बाल अपचारियों का दिमाग इतना शातिर होगा, यह सोचा नहीं था। पुलिस सुधार गृह के अन्दर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है।
बाल अपचारियों की प्रोफाइल
आरोपी 1: निवासी – जनकगंज ग्वालियर। उम्र- 16 वर्ष
नाबालिग और उसके पिता स्मैक तस्करी करते थे। 2 से 3 बार पुलिस ने पिता को पकड़ा तो लगा कि पास रहने वाला एक व्यक्ति उनकी मुखबिरी कर रहा है। उसे घर बुलाकर हत्या कर दी। फिर पड़ोसी से बका मांगकर लाए। शव के 50 से ज्यादा टुकड़े किए और नाले में फेंक दिए। एक महीने बाद धड़ मिला तब मामले का खुलासा हुआ।
आरोपी-2: निवासी – अमायन, भिंड। उम्र- 16 वर्ष
बाल सुधार गृह से भागने वाले दूसरे आरोपी ने ग्वालियर थाना क्षेत्र में साल 2022 में एक घर में घुसकर चोरी की थी। इस मामले में वह मुख्य आरोपी है।
आरोपी 3: निवासी – सिरोल। उम्र- 17 साल 11 माह
बाल सुधार से भागने वाला तीसरा आरोपी शातिर नकबजन है। ये मुरार में एक सूने घर के ताले चटकाकर लाखों रुपए की चोरी में माहिर है। पुलिस ने इसे 6 महीने पहले ही पकड़ा था।
आरोपी 4: निवासी – राजगढ़। उम्र- 16 वर्ष
बाल सुधार गृह से भागने वाले चौथे आरोपी को भितरवार थाना क्षेत्र से कुछ महीने पहले वाहन चोरी के केस में पकड़ा था। वहां से इसे पकड़ने के बाद बाल न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह में भेजा गया था।
आरोपी 5: निवासी – मुरैना। उम्र- 14 वर्ष
बाल सुधार गृह से भागने वाला पांचवां आरोपी पलक झपकते ही वाहन चोरी कर ले जाता है। ये ग्रुप में सबसे शातिर आरोपी है।
6 महीने में बाल अपचारियों के भागने की दूसरी घटना
बाल संप्रेक्षण गृह से बाल अपचारियों के भागने का यह छह महीने में दूसरा मामला है। इससे पहले 25 जनवरी 2024 की सुबह छह बाल अपचारी मैदान में खेलते समय दीवार कूदकर भाग गए थे। एक आरोपी को गार्ड और रसोइया ने मौके से पकड़ लिया था, लेकिन पांच आरोपी भागने में सफल रहे थे। उस घटना के बाद से दीवार पर ऊंचे ऊंचे कांटे वाले तार लगा दिए गए हैं। साथ ही पेड़ों को भी तारों से लपेट दिया गया है।
