शहर के बांधों को अतिक्रमण मुक्त करें सरकार, इंजीनियर जानेंगे पानी न रूकने की वजह
ग्वालियर. शहर का भूजल स्तर बढ़ाने के लिये जल संसाधन विभाग शहर के आसपास स्थित चारों बांधों के चैनल गेटों का मानसून से पहले मेंटेनेंस शुरू करायेगा। इन बांधों के गेटों का मेंटेनेंस करीब 12 वर्षो के बाद होगा और साथ ही बांधों के अंदर 19 बोरिंग को बंद कराया जायेगा। विभाग की पड़ताल में यदि नये बोरिंग पकड़े जायेंगे तो उन पर भी कार्यवाही की जायेगी। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता पीसी महाजन ने चारों बांधों में पानी रूकरने में आ रही परेशानी के संबंध में रिपोर्ट तलब की और साथ ही गेटों का मेंटेनेंस करने के निर्देश दिये हैं।
वीरपुर बांध, रायपुर बांध, मामा का बांध औरे हनुमान बांध के चैनल गेटों का मेंटेनेंस करने के निर्देश मुख्य अभियंता ने जारी किये हैं। जल संसाधन विभाग के ई एंड एम विभाग द्वारा बांधों के चैनल गेटों का मेंटेनेंस किया जाता है।
इस वजह से नहीं हुआ मेंटनेंस
बांधों से सिंचाई न होने की वजह से विभाग के मुख्यालय द्वारा बांधों के मेंटेनेंस के लिये बजट नहीं दिया जाता और विभाग उन बांधों के मेंटेनेंस के लिये बजट आवंटन करता हैं जिनसे नहरों द्वारा सिंचाई की जाती है।
बांधों को निगम के नियंत्रण में देने का भी हुआ था विचार
जल संसाधन के अंतर्गत आने वाले इन बांधों पर वर्ष 2018 में अतिक्रमण को लेकर प्रशासन विभाग की जांच कराई थी। उस समय इन बांधों को नगर निगम के अधीन करने को लेकर चर्चा अधिकारियों के बीच हुई थी। इस दौरान तत्कालीन निगम आयुक्त ने बांधों के मेंटेनेंस के लिए इंजीनियर की परेशानी रखी थी, जिस पर इंजीनियर को प्रतिनियुक्ति पर लेने की बात रखी गई, लेकिन फिर कुछ नहीं हुआ।
अभी यह है गेटों की स्थिति
अभी सभी बांधों के गेट 3 से 5 फीट मिट्टी के अंदर दबे हुए हैं। इस वर्ष इन बांधों के गेटों पर जमीं मिट्टी को हटाकर मेंटेनेंस किया जाएगा। जरूरी होने पर गेटों के खराब उपकरणों को भी बदला जाएगा। एक बांध के गेट पर 15 हजार रुपए का खर्च आएगा लेकिन उपकरणों में टूट-फूट होने पर यह खर्च बढ़ सकता है।
मानसून से पहले मेंटेनेंस करेंगे
बांधों के गेटों का मेंटेनेंस किए जाने के निर्देश उच्चाधिकारियों ने दिए हैं। मानसून से पहले इन बांधों के गेटों का मेंटेनेंस पूरा किया जाएगा। जरूरी होने पर बांधों के गेटों के टूटे उपकरण भी बदले जाएंगे।
-भास्कर सक्सेना, ईई, ई एंड एम, जल संसाधन विभाग
बांधों के निरीक्षण के लिए बनाईं टीम
शहर के आसपास के बांधों में पानी न रुक पाने के क्या कारण हैं, इसके लिए विभागीय इंजीनियरों से निरीक्षण कराया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इनके गेटों का मेंटेनेंस भी कराया जाएगा।
-पीसी महाजन, मुख्य अभियंता, जल संसाधन विभाग
