अवैध रूप से कृत्रिम रेत बनाने में संलग्न एलएनटी मशीन व तीन डम्पर जब्त

ग्वालियर – रेत के अवैध उत्खनन व कारोबार के खिलाफ विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इस कड़ी में भितरवार राजस्व अनुविभाग के अंतर्गत करहिया क्षेत्र में अवैध रूप से कृत्रिम रेत बनाने में उपयोग में लाई जा रही एक LNT मशीन व 3 डम्पर जब्त किए गए हैं। इसी तरह मुरार के उटीला थाना क्षेत्र में एक ओवर लोडेड रेत का डम्पर जब्त किया गया है।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले के सभी एसडीएम व अन्य राजस्व अधिकारियों को अवैध उत्खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में भितरवार SDM डीएन सिंह के नेतृत्व में गई टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।
SDM भितरवार ने बताया कि करहिया ग्राम के नजदीक एक जगह पर अवैध तरीके से मुरम से कृत्रिम रेत तैयार की जा रही थी। राजस्व व खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर छापामार कार्रवाई कर एक पोकलेन (LNT) मशीन व रेत के अवैध परिवहन में लिप्त तीन डम्पर जब्त किए हैं। जिला खनिज अधिकारी श्री भूरिया ने बताया कि जब्त किए गए इन वाहनों व मशीनों को पुलिस अभिरक्षा में रखवाया गया है। रेत के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। साथ ही अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। करहिया क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई के लिये गई टीम में तहसीलदार चीनौर श्री रत्नेश शर्मा, सहायक खनिज अधिकारी राजेश गंगेले तथा आरआई, पटवारी व संबंधित क्षेत्र के कोटवार शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *