अंतरराज्यीय गिरोह के कुख्यात बदमाश को मध्यप्रदेश पुलिस ने राजस्थान से किया गिरफ्तार

मध्यप्रदेश में कई अपराधों में लिप्त 85 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने किया गिरफ्तार
ग्वालियर में हत्या, सिवनी, शिवपुरी बलात्कार, नकबजनी के मामलों में था फरार
भोपाल, – मध्यप्रदेश में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आपराधिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सिवनी पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के कुख्यात बदमाश को राजस्थान पुलिस की सहायता से भरतपुर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मध्यप्रदेश और राजस्थान में संयुक्त रूप से 85 हजार रुपए का इनाम घोषित है। पुलिस से उससे 315 बोर का कट्‌टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
आरोपी के ठिकानों पर दी दबिश
राजस्थान पुलिस की सहायता से आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी गई। ग्राम कनावर अड्‌डा में रामगणेश गुर्जर और उसके दो साथी रामसहाय उर्फ करिया गुर्जर तथा गिरधारी गुर्जर निवासी रानपुर जिला भरतपुर की घेराबंदी पुलिस ने की। दबिश के दौरान आरोपी रामसहाय उर्फ करिया गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार किया। वहीं रामगणेश गुर्जर और गिरधारी मौके से फरार हो गए।
मध्यप्रदेश के कई जिलों में किए थे अपराध
कुख्यात रामसहाय गुर्जर सिवनी जिले में प्रधान आरक्षक राकेश सिंह ठाकुर के हत्याकांड में संलिप्त नहीं था, लेकिन सिवनी जिले में अन्य अपराधों में उसकी संलिप्तता पायी गई है। रामगणेश गुर्जर के साथ ही रामसहाय उर्फ करिया ने सिवनी जिले के अलावा शिवपुरी, ग्वालियर, राजस्थान के भरतपुर और धौलपुर जिले में हत्या, लूट, बलात्कार, नकबजनी, अपहरण, फिरौती मांगना, डकैती सहित कई गंभीर वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपी रामसहाय गुर्जर को वर्ष 2022 में भवरपुरा जिला ग्वालियर में हुए एक बलात्कार के मामले में ग्वालियर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जमानत मिलने के बाद आरोपी वर्ष 2023-24 में गंभीर वारदातों में शामिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *