पुलिस ने हवालात में किया थर्ड डिग्री का उपयोग, मुंह पर जूते मारने सूजे होंठ, हाथ-पैर बांधकर 3 दिन तक पीटा, 3 पुलिसकर्मी निलंबित
ग्वालियर. जनकगंज थाने में फल का ठेला लगाने वाले को चोरी के शक में थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया गया, पुलिस वालों ने उसे हाथ-पैर बांधकर बेल्ट से पीटा और उसके मुंह पर जूतों से पिटाई की। होंठ में सूजन है। हवालात में पंखा भी नहीं था। 3 दिन से उसके साथ मारपीट की जा रही थी। पुलिस ने चोरी के आरोप में एक अन्य संदेही को भी पीटा है।
शनिवार की देर शाम व्यापारी की हालत बिगड़ने पर परिजन थाने में जमा हो गये और इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजन का कहना है कि पुलिसकर्मी चोरी काझूठा आरोप लगा रहे है। देर रात हवलदार शैलेन्द्र दीक्षित, आरक्षक मुरार और बनवारी शर्मा को निलंबित कर दिया। एसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि जांच के आदेश दे दिये हैं।
पुलिस ने गोल पहाडिया निवासी अवधेश खटीक 35, को चोरी के शक में पकड़ा था। थाना प्रभारी विपेन्द्र सिंह चौहान ने बताया है कि सीसीटीवी फुटेज में संदेही आरोपी का फुटेज मिला था। चोरी का मामला क्या है? इस पर सीएसपी लश्कर गुप्ता का कहना है कि सस्पेक्ट है इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस की पिटाई से घायल अवधेश जयारोग्य अस्पताल में भर्ती है।
बिना सबूत पीटा, दारू के केस में अंदर करने का कहकर धमकाया
अवधेश खटीक जयारोग्य अस्पताल में भर्ती है। उसने बताया, ‘तीन दिन पहले चार पुलिसवाले मुझे पकड़कर ले गए। किसी चोरी के बारे में पूछताछ की, मैंने बताया कि मैं कुछ नहीं जानता। जनकगंज थाने के हवालात में बंद कर पीटा। टीआई भी खड़े थे। कह रहे थे कि दारू के केस में अंदर कर दूंगा। मेरे बाल नोंचे, लात-घूंसों और फट्टे (बेल्ट) से मारा।’
अवधेश ने बताया, ‘हाथ-पैर जोड़कर कहा कि मैंने चोरी नहीं की। वे नहीं माने। मुंह पर जूते मारने से मेरे होंठ सूजे हुए हैं। सिर पर जूते मारे, जिससे अभी तक दर्द हो रहा है। एक लड़का (कमल घाटगे) और था, उसे मुझसे एक दिन बाद पकड़कर लाए थे, उसे भी पीटा।’जनकगंज थाने की पुलिस ने चोरी के संदेह में कमल घाटके की भी हवालात में बंद कर पिटाई की। एसपी तक मामला पहुंचा तो उसे भी छोड़ दिया गया।
तीन दिन हवालात में रखा, गिरफ्तारी नहीं दिखाई
जनकगंज थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में चोरी का माल कबाड़ी को बेचना कबूल भी किया था। परिजन का कहना है कि अगर पुलिस के पास चोरी के मामले में कबाड़ी का माल बेचने का बयान दिया गया था तो अवधेश खटीक की तीन दिन में भी गिरफ्तारी क्यों नहीं की गई। पुलिस झूठे आरोप लगा रही है।
जब तीन दिन हो गए और पुलिस ने अवधेश की न तो गिरफ्तारी दिखाई, न ही मिलने दिया, इस पर परिजन घबरा गए। वे एसपी से मिले। एसपी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिए। इसी बीच पुलिस के वाहन से अवधेश को अस्पताल पहुंचाया गया। कमल को छोड़ दिया गया। सीएसपी लश्कर आयुष गुप्ता ने का कहना है कि जांच कराई जा रही है।
