ग्वालियर में हिट एंड रन का शिकार पुलिस का जवान, मल्टीपल फ्रैक्चर और चेहरे पर 13 टांके

ग्वालियर. एक हिट एंड रन का मामला सामने आया है। जनकगंज थाने का जवान सेन्ट्रल जेल से डाक लगाकर लौट रहा था। तभी अचानक तेज रफ्तार में आई कार ने पुलिस जवान को टक्कर मार दी। कार की टक्कर से जवान बाइक समेत उछला और जमीन पर गिर गया। घटना मंगलवार की रात बहोड़ापुर इलाके में सौ फुटा रोड़ की है। हादसे के बाद चालक कार को भगाकर ले गया।
घटना में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुआ है। पहले उसे एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां हालत गंभीर होने पर जेएएच रैफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि कार चालक को जल्द ही पकड़ लिया जायेगा।
क्या है घटनाक्रम
बहोडा़पुर स्थित डीआरपी लाइन निवासी संतोष पाठक पुलिस जवान है। वह जनकगंज थाने में पदस्थ है। यहां उसे डाक का काम दिया गया है। मंगलवार शाम वह थाने से जेल की डाक लेकर निकला था। जेल की डाक देने के बाद वह किसी अन्य काम से जाने के लिए रवाना हुआ। अभी वह आनंद नगर के पास 100 फुटा रोड पर पहुंचा ही था, तभी सामने उरवाई गेट की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि वह हवा में उछला और सड़क पर गिरने से बुरी तरह जख्मी हो गया। हादसे का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जवान को बेहोशी की हालत में उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसकी हालत गंभीर देखकर उसे जेएएच में रेफर किया गया है।
मल्टीपल फ्रैक्चर और चेहरे पर 13 टांके
ऐसा बताया गया है कि एक्सीडेंट इतना खतरनाक था कि जवान के शरीर मल्टीपल फ्रैक्चर आये हैं। 3 फ्रैक्चर तो हाथ-पैर व ऊंगली में हैं। पुलिस जवान के चेहरे समेत होठों पर गंभीर चोटें आयी है। दोनों होठों में उसे 13 टांके आये है। जवान की हालत नाजुक है।
CCTV से कार व चालक की तलाश
इस मामल मंे बहोड़ापुर थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कार की टक्कर से जवान घायल हुआ है। जवान को उपचार के लिए भर्ती कराया है। घटना स्थल के आसपास CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच कर आरोपी चालक का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *