दलित दूल्हे को दबंगों ने बग्घी से पटका, बारात में घुसकर किये हवाई फायर और बारात पर फेंका पानी

ग्वालियर. दलित दूल्हे को दबंगों ने बग्घी ने नीचे गिराकर पीटा और बग्घी की छतरी को तोड़कर नाले में फेंक दी और लाइटें फोड़ दी। दूल्हे और बारातियों को जातिसूचक गालियां भी दीं। घरों की छतों से बारातियों पर पानी फेंका। बारात के बीच घुसकर बंदूकों और कट्टों से हवाई फायर किये। आरोपी घर के सामने से दलित की बारात निकलने से नाराज थे।
मामला करहिया गांव का है। दूल्हें की सोने की चेन भी लूटी गयी है। मामला 20 मई की रात का बताया जा रहा है। बारात रिठोदन से करहिया आई थी, दूल्हें के भाई ने बुधवार 22 मई, को करहिया थाने में आरोपियों पर मारपीट और एट्रोसिटी एक्ट में केस दर्ज कराया है। दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत की गयी है। उनका आरोप है कि बाराती नाचते हुए नोट लुटा रहे थे। महिलाओं पर नोट गिरे और मना किया तो बाराती झगड़ने लगे। पुलिस ने दूसरे पक्ष के आरोप की जांच कर रही है। फरियादी रिंकू जाटव पुत्र बादाम सिंह 20, ने संजय रावत, दलवीर रावत, संदीप, अनिल निवासी रिठोदन पर 232, 294 ओर 427 आईपीसी की धारा में एफआईआर दर्ज करवाई है।
दोनों पक्षों की शिकायत की जांच कर रहे-एएसपी
एएसपी निरंजन शर्मा का कहना है कि बारात पर हमला हुआ है और दूल्हे से मारपीट की शिकायत हुई है। मामला दर्ज कर लिया गया है। दूसरे पक्ष ने भी महिलाओं से अभद्रता का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।आरोपियों ने दूल्हे नरेश जाटव को बचाने आए बारातियों से मारपीट की। डीजे बजाने वालों को भी पीट दिया। डीजे पर पथराव भी किया। डिस्को लाइट्स तोड़ दीं, साउंड सिस्टम को भी उखाड़ने का प्रयास किया। दूल्हे के रिश्ते के भाई रिंकू जाटव ने बताया कि आरोपी उनके घर के सामने से बग्घी में बैठकर निकलने का विरोध कर रहे थे।दबंग संजय, दलबीर, संदीप और अनिल रावत ने बारात में दहशत फैलाने के लिए बंदूक और कट्‌टों से हवाई फायर किए। बताया जा रहा है कि सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची थी। दोनों पक्षों को शांत कराकर बारात को आगे बढ़ा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *