पिकअप वाहन खाई में गिरी, 19 मजदूरों की मौत

कवर्धा. कबीरधाम जिले में भीषण सडक हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई। इनमें 18 महिला और एक पुरूष शामिल है। वहीं तीन गंभीर रूप से घायल है। हादसा कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी के पास हुआ है और सभी ग्राम सेमहारा के रहने वाले थे जो तेंदूपत्ता तोडकर पिकअप वाहन से वापस आ रहे थे। कुकदुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ब्रेक फैल होने से पिकअप वाहन बंजारी घाट बाहपानी के मोड के पास 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। ड्राइवर ने कूदकर जान बचाई। ड्राइवर दिनेश से घटना को लेकर पुलिस जानकारी ले रही है। इस हादसे में मौके पर 15 लोगों की मौत हो गई। वहीं चार लोगों ने कुकदूर के सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड दिया। कुकदूर थाना से मिली जानकारी के अनुसार पिकअप में 36 लोग सवार थे। ये सभी लोग जंगल गए थे और तेंदूपत्ता तोडकर वापस आ रहे थे तभी मोड के पास पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सीधे नीचे खाई में जा गिरा।
सीएम ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख सहायता देने की घोषणा की
सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स हैंडल पर लिखा- कबीरधाम जिले में हुए सड़क हादसे में मृतकों की संख्या 19 हो गई हैं। 3 लोग घायल हैं। दुःख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ शासन पीड़ित परिवारजनों के साथ पूरी तरह खड़ा है। हमनें मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और इस हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। यह राशि प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सहायता एवं बीमा आदि से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त है। प्रशासन को यह भी निर्देश दिया गया है कि सड़क सुरक्षा के प्रति अतिरिक्त सावधानी बरती जाये। ऐसे हादसे रोकने के हरसंभव उपाय होने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *