ग्वालियर में बढ़ते तापमान में हीट स्ट्रोक के बढ़े मामले
ग्वालियर. गर्मी में तापमान बढने के साथ अर्ध बेहोशी, लो ब्लड प्रैशर और उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा है। हीट स्ट्रोक का शिकार होकर एक हजार बिस्तर अस्पताल के मेडिसिन विभाग मे हर रोज 5 से 6 मरीज रोज पहुंच रहे है। इनको आईसीयू में भर्ती किया जा रहा है। आउटडोर पैशेंट डिपार्टमेंट ओपीडी में भी उल्टी, दस्त के साथ लू के शिकार मरीज भी पहुंच रहे है। अस्पताल पहुंच रहे इस तरह के मरीजों को दवाएं देने और इंजेक्शन लगाने के बाद खानपान में परहेज करने की सलाह चिकित्सक दे रहे है।
जिला अस्पताल के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. नितेश मुदगल बताते है कि तापमान बढने से हीट स्ट्रोक की शिकायत ज्यादा आती है। इसका शिकार हो रहे लोगों को चाहिए कि वह बिना देर किए तुरंत इमरजेंसी में दाखिल होकर उपचार शुरू कराएं। धूप में निकलते समय ऐसे कपड़े पहने कि शरीर ढंका हो। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में लू, उल्टी, दस्त, बुखार के शिकार मरीज ज्यादा पहुंच रहे हैं। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 40 से 50 मरीज पहुंच रहे हैं। 15 से 20 मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। कुछ मरीजों को दो से तीन घंटे ग्लूकोज देने के साथ दवाएं देकर छुट्टी देते हुए धूप में न निकलने की सलाह दी जा रही है।
