अचलेश्वर से मेडीकल चौराहा मार्ग रहेगा बंद, पूरे शहर में यातायात डायवर्ट रहेगा, अंतिम दर्शन में आने वालों के लिये बनाई 18 पार्किंग

ग्वालियर. केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवीराजे सिंधिया के अंतिम संस्कार कार्यक्रम के दौरान पूरे शहर में यातायात डायवर्ट रहेगा। यातायात पुलिस ने डायवर्सन प्लान जारी कर दिया है। अचलेश्वर चौराहा से मेडीकल चौराहा तक का मार्ग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। गुरूवार को शहर में भारी वाहन प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
एसपी धर्मवीर सिंह व एएसपी यातायात शियाज केएम ने बताया कि डायवर्सन प्लान के अनुसार लोग वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें और साथ ही रानी महल के ललितपुर गेट से लेकर मेडीकल चौराहा तक वाहन खड़े नहीं हो सकेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में लगभग 2 हजार जवान तैनात किये गये है।
शहर के यह रूट रहेंगे डायवर्ट
अंतिम संस्कार कार्यक्रम के दौरान भिंड एवं मालनपुर की ओर से आने वाले वाहन लक्ष्मणगढ़ से बेहटा चौकी, बड़ागांव पुल, आर्मी एरिया, 6 नंबर चौराहा होकर शहर आ सकेंगे।
अंतिम संस्कार कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट से निकलने के बाद एयरपोर्ट तिराहा से बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, फूलबाग की ओर आने वाले सभी वाहन एयरपोर्ट तिराहा से रॉन्ग साइड होकर डीडी नगर गेट नं-2 से प्रवेश कर चावला मार्केट, कोठारी मार्केट, यादव धर्मकांटे से मल्लगढ़ा से चार शहर का नाका से आ सकेंगे।
अंतिम संस्कार कार्यक्रम के दौरान लश्कर क्षेत्र, फूलबाग, बस स्टैंड की ओर से गोले का मंदिर, डीडी नगर से भिंड जाने वाले वाहन महाराजा गेट, सूर्यनमस्कार तिराहा, इंद्रमणि नगर, 7 नंबर चौराहा, 6 नंबर चौराहे से बड़ागांव पुल, लक्ष्मणगढ़ से जा सकेंगे।
मुरैना की ओर से आने वाले वाहन जो गोले का मंदिर, रेलवे स्टेशन, महाराज बाड़ा जाना चाहते हैं, वो अटल द्वार, जलालपुर चौराहा, मल्लगढ़ा चौराहा, हजीरा होकर आ सकेंगे।
पड़ाव, फूलबाग से गोले का मंदिर होकर मुरैना जाने वाले वाहन एलएनआईपीई के सामने तानसेन आरओबी से हजीरा चौराहा, चार शहर का नाका, मल्लगढ़ा होकर जा सकेंगे।
मुरार की ओर से भिंड, मुरैना व मालनपुर की तरफ जाने वाले वाहन 6 नंबर चौराहा से आर्मी एरिया, बड़ागांव हाइवे होकर जा सकेंगे।
यहां बनाईं पार्किंग
ग्वालियर शहर-देहात से आने वाले वाहन भगवत सहाय सभागार, जीवायएमसी, उत्सव वाटिका, परिणय वाटिका, चेंबर ऑफ कॉमर्स, जीवाजी क्लब गेट नंबर-2 और एसएएफ ग्राउंड में पार्क हो सकेंगे।
झांसी, दतिया एवं डबरा से आने वाले वाहन जीवाजी क्लब गेट नंबर-3, बंधन वाटिका चेतकपुरी व तोरण वाटिका में पार्क हो सकेंगे।
गुना, शिवपुरी से आने वाले वाहन ओफो की बगिया, मराठा बोर्डिंग, राजपूत बोर्डिंग, गिर्राज मंदिर मल्टीलेवल पार्किंग, राजीव प्लाजा पार्किंग में पार्क हो सकेंगे।
भिंड, मुरैना से आने वाले वाहन फूलबाग मैदान में पार्क हो सकेंगे।
चबूतरा तैयार, आज होगा अंतिम संस्कार
पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया की धर्मपत्नी व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवीराजे सिंधिया का अंतिम संस्कार राजसी परंपरा के अनुसार कटोरा ताल के सामने स्थित सिंधिया घराने की छतरी में 16 मई गुरुवार को किया जाएगा। अस्थि संचय की क्रिया 17 मई शुक्रवार को की जाएगी। गुरुवार को दिल्ली से माधवीराजे सिंधिया का शव ग्वालियर लाने के बाद अंतिम दर्शन के लिए रानी महल में रखा जाएगा। उनके अंतिम संस्कार के लिए 2 क्विंटल चंदन व 2 क्विंटल आम की लकड़ी मंगाई गई है। वहीं माधवीराजे के निधन पर गुरुवार को जीवाजी क्लब व MITS बंद रहेगा। जबकि जयविलास म्यूजियम 15 से 18 मई तक बंद रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *