चौकीदार ने बैंक में 40 लाख रूपये की लूट करवाई
दमोह. एक चौकीदार ने अपने 2 दोस्तों के साथ मिलकर बैंक में 40 लाख की लूट करवाई है। पुलिस ने महज 7 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया और इसके बाद पूरे स्टाफ को हिरासत में ले लिया। मामला जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव की माध्यांचल ग्रामीण बैंक का है। पुलिस के अनुसार मंगलवार की रात लगभग 8 बजे बैंक के चौकीदार रोहित विश्वकर्मा ने सूचना दी कि बैंक में 5 नकाबपोश बदमाशों ने हमला किया है। बदमाश उसे घायल कर बैंक के रूपये लूट कर ले गये हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। दमोह एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
इस बीच घटना को अंजाम देकर भाग रहे आरोपियों के हाथ से 100 के नोटों की 2 गड्डियां बैंक के बाहर नाली में भी गिर गयी। जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया । भागते वक्त आरोपी बैंक के सीसीटीवी की हार्ड डिस्क भी साथ में ले गये। इसलिये कोई फुटेज पुलिस के पास नहीं थे। पुलिस को चौकीदार पर संदेह हुआ। जब राम में उससे पूछताछ की गयी तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
चौकीदार ने शरीर पर बनाए घाव के निशान
प्लानिंग में शामिल चौकीदार ने खुद अपने शरीर पर कटर से घाव के निशान बनाए, ताकि पुलिस को उसे पर संदेह न हो। इसके अलावा उसने तीन की जगह पांच आरोपियों के घटना में शामिल होने की बात बताई, लेकिन पूछताछ में उसने इस षड्यंत्र को कबूल कर लिया। आरोपी चौकीदार ने पुलिस को यह भी बताया कि बैंक मैनेजर लॉकर की चाबी छोड़कर चले गए थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रात तक पुलिस को यह बताया जा रहा था कि 40 लाख रुपए की लूट हुई है, लेकिन पुलिस ने आरोपियों से 42 लाख रुपए रिकवर किए हैं। रात 8 बजे हुई इस घटना से जुड़े आरोपियों को पुलिस ने सुबह 3 बजे अपनी गिरफ्त में ले लिया।
