बाजारों से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
ग्वालियर. नगर निगम के मदाखलत अमले और पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर मुरार के मुख्य बाजारों में सडक पर खडे हाथ ठेलों को हटाने के साथ ही दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त करने की कार्रवाई की। शनिवार को संयुक्त अमले ने चार घंटे तक बाजारों में कार्रवाई की। अमले को देखकर कई ठेले वाले गलियों में घुस गए ताकि बाद में फिर से मुख्य मार्ग पर आकर ठेला लगा सकें। ऐसे ठेलों को गलियों से भी हटाकर जब्त किया गया। इस दौरान मदाखलत अमले ने तीन ट्रक भरक सामान जब्त किया। अभी तक पुलिस और मदाखलत अमला लोकसभा चुनाव के मतदान की तैयारियों में व्यस्त था। इसके चलते मुरार के मुख्य बाजाों में फिर से अतिक्रमण की शुरूआत हो गई थी जिससे यातायात बाधित हो रहा था।
टीआइ मदन मोहन मालवीय, मदाखलत प्रभारी डा. अतिबल सिंह यादव और मदाखल अधिकारी ग्वालियर पूर्व शैलेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस व मदाखलत की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई की शुरूआत की। संयुक्त टीम ने पिंटो पार्क तिराहे से एयरपोर्ट तिराहा भिंड रोड पर मुख्य मार्ग के दोनों ओर खड़े हाथ ठेलों को हटाने की कार्रवाई की। इसके अलावा मुरार सदर बाजार में फुटपाथ और सड़क पर रखे दुकानदारों के सामान एव खडे हाथ ठेलो को हटाया गया। इस दौरान तीन ट्रक सामान जब्त कर हुरावली रोड स्थित मदाखलत कार्यालय भिजवाया गया।
