पूर्व मंत्री पटेल, कांग्रेस MLA मसूद पर होगी कार्रवाई
भोपाल. लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 7 मई को मध्य प्रदेश में 9 सीटों पर मतदान हुआ था। इस दौरान पूर्व मंत्री कमल पटेल ने हरदा में पोलिंग बूथ पर जाकर पोते के साथ मतदान किया था। वहीं भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद भी अपने नाबालिग बेटे को ईवीएम तक ले गए थे। शिकायत मिलने के बाद अब चुनाव आयोग आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर इन दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने जा रहा है।
भोपाल जिपं सदस्य के खिलाफ दर्ज हो चुकी एफआइआर
मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने कहा कि भोपाल में जिला पंचायत सदस्य विनय मैहर ने अपने नाबालिग बेटे से वोट डलवाया था। इसका वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई थी। अब कमल पटेल और आरिफ मसूद के खिलाफ भी संबंधित जिलों के कलेक्टर कार्रवाई करेंगे। ऐसे में इन दोनों नेताओ के खिलाफ जल्द एफआइआर दर्ज की जा सकती है।
