गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में मारामारी, ग्वालियर से गुजरने वाली अधिकतर ट्रेनों में यही स्थिति बनी हुई
ग्वालियर. गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। लोग छुट्टियां मनाने के लिए आरक्षण कराकर यात्रा कर रहे है। यही कारण है कि ट्रेनों में कुल क्षमता से 50 प्रतिशत से अधिक टिकट बुक किए जा रहे हैं। आरक्षण खिडकी से वेटिंग टिकट लेकर यात्री ट्रेनों के स्लीपर कोच में घुस रहे है। इसके चलते ट्रेनों के स्पीपर कोच के हालात जनरल से भी बदतर हो चुके है। 72 बर्थ के क्षमता वाले एक कोच में 200 तक यात्री घुस जाते है। ग्वालियर से गुजरने वाली अधिकतर ट्रेनों में यहीं स्थिति बनी हुई है।
ग्वालियर से होकर रोजाना नई दिल्ली और भोपाल की ओर से औसतन 125 ट्रेनें गुजरती है। लंबी दूरी की ज्यादातर ट्रेनों में स्लीपर की अपेक्षा एसी कोच ज्यादा है। ग्वालियर से गुजरने वाली इन लंबी दूरी की ज्यादातर ट्रेनों में 20 जून तक क्षमता से अधिक टिकट बुक है। यात्रा के दिन तक वेटिंग टिकटों में बमुश्किल 10 से 12 टिकट ही कंफर्म हो पाते हैं। इसके चलते कई ट्रेनों में वेटिंग टिकट वाले यात्री कोच में फर्श पर बैठकर और गैलरी में लेट कर यात्रा करते नजर आ रहे हैं। कई यात्री गैलरी में टायलेट के पास खड़े होकर यात्रा कर रहे हैं।
ग्वालियर से प्रतिदिन औसतन 50 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। मई माह में स्कूलों के अवकाश होने के कारण ट्रेनों में भीड़ बढ़ने लगी है। इसके चलते स्लीपर कोचों में भी यात्रियों का चढ़ना मुश्किल हो रहा है। कंफर्म टिकट के अलावा ज्यादातर यात्री वेटिंग टिकट के होने के कारण उनको कोच से उतारा भी नहीं जा सकता। इसके चलते वेटिंग टिकट के अलावा कन्फर्म बर्थ वाले यात्रियों को भी अपनी बर्थ प्राप्त करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
