ग्वालियर लोकसभा चुनाव में भाजपा-कांग्रेस दोनों ही पार्टियों को सता रहा भितरघात का खतरा
ग्वालियर. चुनाव में भाजपा और कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को भितरघात का खतरा है इसलिए सभी फूंक-फूंक कर कदम रख रहे है। भाजपा के अब तक के लोकसभा प्रत्याशियों को देखें तो वर्तमान प्रत्याशी को दमदार नहीं मान रहे है इसलिए अंदरूनी तौर रप दूरी बनाए हुए है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी से उनकी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता नाराज है। कांग्रेस प्रत्याशी की जिलाध्यक्ष से नाराजगी भी जग जाहिर है। हालांकि दोनों ही पार्टियों के प्रत्याशी सबो साधने में लगे है। क्योंकि दोनों प्रत्याशी विधानसभा चुनाव में हार चुके है और अब लोकसभा में अपनी किस्मत आजमा रहे है।
शहरी प्रत्याशी नहीं इसलिए उत्साह नहीं
ग्वालियर लोकसभा सीट में आठ विधानसभाएं आती है। जिसमें ग्वालियर पूर्व, दक्षिण, ग्वालियर और ग्रामीण का काफी हिस्सा शहर से जुड़ा है। हालांकि इन क्षेत्रों में भाजपा की पकड़ अच्छी रही है। इसलिए भाजपा शहर क्षेत्र का ही प्रत्याशी मैदान में उतरती रही है। भाजपा ने ग्वालियर लोकसभा सीट से शहरी पृष्ठ भूमि वाले नेता जयभान सिंह पवैया, नरेंद्र सिंह तोमर, यशोधरा राजे सिंधिया और विवेक नारायण शेजवलकर को मैदान में उतारा और सभी ने जीत भी हासिल की थी। भाजपा ने पहली बार ग्वालियर ग्रामीण से विधायक रह चुके भारत सिंह कुशवाहा को प्रत्याशी बनाकर नया प्रयोग किया है। फिलहाल शहर में चुनाव को लेकर जोश और उत्साह नजर नहीं आ रहा।
