पंजाब में किसानों के प्रदर्शन के कारण ट्रेनें घंटों लेट, ग्वालियर के यात्री हो रहे परेशान

ग्वालियर. पंजाब में चल रहे किसानों के प्रदर्शन के कारण जम्मू और पंजाब से आने वाली ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। इस रूट की ट्रेनें घंटों की देरी स ेचल रही है। स्थिति यह है कि जिन ट्रेनों को गत सोमवार को ग्वालियर पहुंचना था वे एक दिन की देरी यानी मंगलवार को आ सकीं, इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पडा। कई यात्रियों ने अपनी यात्रा ही कैंसिल कर दी। स्थिति यह रही कि जिस सचखंड एक्सप्रेस को सोमवार की शाम 5.06 बजे ग्वालियर आना था। वह 15.26 घंटे की देरी से मंगलवार की सुबह 8.32 बजे आ सकी। यही कारण है कि मंगलवार को चलने वाली सचखंड एक्सप्रेस को 16.20 घंटे के लिए रिशेड्यूल किया गया है। ऐसे में ये ट्रेन बुधवार को ग्वालियर आ सकेगी।
लगभग यही स्थिति छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के साथ है। बुधवार को इस ट्रेन को अमृतसर में 9:20 घंटे के लिए रिशेड्यूल किया गया है। मंगलवार को जम्मू से आने वाली झेलम एक्सप्रेस 4:32 घंटे, अमृतसर-दादर एक्सप्रेस छह घंटे से भी अधिक समय की देरी से ग्वालियर आ सकी। गौरतलब है कि अंबाला के पास शंभू बार्डर पर किसानों द्वारा रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके चलते ट्रेनों को लुधियाना से डायवर्ट किया जा रहा है। इसके चलते भी ट्रेनें लेट हो रही हैं। रूट पर ट्रेनें अधिक होने के कारण डायवर्जन का भी ज्यादा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *