पांचवी बार बढ़ाई ग्वालियर- आगरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे के टेंडर खोलने की तारीख
ग्वालियर. ग्वालियर से आगरा के बीच प्रस्तावित सिक्स लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे के निर्माण की प्रक्रिया अब केंद्र में नई सरकार बनने के बाद ही आगे बढ़ पाएगी। नेशनल हाइवे अथारिटी आफ इंडिया (एनएचएआइ) ने गत पांच जनवरी को इस एक्सप्रेस वे के निर्माण का टेंडर जारी किया था और इसे 23 फरवरी तक खोला जाना था, लेकिन कंपनियों के रुचि नहीं लेने के कारण तारीख को आगे बढ़ा दिया गया। एक-एक कर पांच बार टेंडर खोलने की तारीख आगे बढ़ाई गई है और गत 22 अप्रैल को इसे बढ़ाकर अब 12 जून कर दिया गया है।
वर्तमान में लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगी होने के कारण वैसे भी टेंडर प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता था। अब जून माह में नई सरकार का गठन भी हो जाएगा और आचार संहिता हटने के बाद एनएचएआइ द्वारा निर्माण की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। ग्वालियर -आगरा सिक्स लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस का निर्माण 3841 करोड़ रुपए की लागत से किया जाना है और इसके निर्माण के लिए कुल ढाई साल की समय सीमा तय की गई है।
तब तक एनएचएआइ द्वारा मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की राज्य सरकारों के सहयोग से एक्सप्रेस वे निर्माण के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया की जा रही है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत मध्य प्रदेश के कुल 18 गांवों की 151 हेक्टेयर से अधिक भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इसमें मुरैना जिले के 17 गांवों की 150 हेक्टेयर और ग्वालियर के सुसेरा में 1.317 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है।
