चुनाव आयोग से मांग- डिजी लाकर में सुरक्षित पहचान पत्र को मतदान के लिए मान्य किया जाए

भोपाल. मतदान के लिए चुनाव आयोग ने फोटोयुक्त मतदाता परिचय पत्र समेत 12 दस्तावेजों को मान्य किया है लेकिन डिजी लाकर में सुरक्षित पहचान पत्र को मान्यता नहीं दी गई है। इसके कारण कई युवा मतदान से वंचित हो गए। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में ही पांच प्रतिशत की कमी आई है। तीसरे और चौथे चरण के चुनाव में डिजी लाकर में सुरक्षित फोटोयुक्त पहचान पत्र को मतदान के लिए मान्य किया जाए। यह मांग प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन से पत्र लिखकर की है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने डिजी लाकर में सुरक्षित पहचान पत्र को मान्य करने के संबंध में वर्ष 2016 में नियम अधिसूचित किए हैं। 26 अप्रैल को खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में हुए मतदान में कई युवा मतदाताओं द्वारा भाग लिया गया। उनके द्वारा पहचान पत्र के रूप में डिजी लाकर में सुरक्षित पहचान पत्र मतदान अधिकारी को दिखाया गया, किंतु कई मतदान केंद्रों पर मतदान अधिकारियों ने इन्हें स्वीकार नहीं करते हुए पहचान पत्र भौतिक स्वरूप में प्रस्तुत करने पर जोर दिया।
इसके कारण खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में ही लगभग पांच प्रतिशत मतदान में कमी आई है। सूचना प्रौद्योगिकी के विकास के कारण युवा वर्ग अपने दस्तावेज डिजी लाकर में सुरक्षित रखते हैं इसलिए प्रदेश के जिन लोकसभा क्षेत्रों में तीसरे और चौथे चरण में मतदान है, वहां डिजी लाकर में सुरक्षित ऐसे पहचान पत्र जिन्हें चुनाव आयोग ने अधिसूचित किया है उन्हें मतदान अधिकारी द्वारा स्वीकार किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *