कांग्रेस नेता देवाशीष ने पार्टी की सदस्यता छोड़ी, भिंड-दतिया लोकसभा सीट से बनाए जा सकते उम्मीदवार
दतिया. मध्यप्रदेश में कांग्रेस छोड़ भाजपा ज्वाइन करने का सिलसिला जारी है। भिंड-दतिया लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुके देवाशीष जरारिया ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसके पीछे यह वजह बताई जा रही है कि भांडेर विधायक फूल सिंह बरैया को कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बना दिया। इसी के कारण देवाशीष खफा चल रहे थे। देवाशीष जरारिया ने इस संबंध में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी बता दी है। जरारिया ने अपने इस्तीफे की एक प्रति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भी भेजी है।
कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता एवं भिंड-दतिया से लोकसभा में प्रत्याशी रह चुके देवाशीष जरारिया ने मल्लिकार्जुन खड़गे को बुधवार को इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के को संबोधित इस्तीफा में जरारिया ने कहा है कि गहन विचार विमर्श और पार्टी द्वारा हाशिए पर धकेले जाने के बाद लगता है कि समय कठोर निर्णय लेने का है। 2019 में पार्टी ने मुझे भिंड-दतिया लोकसभा से उम्मीदवार बनाया था। हारने के बाद कोई उम्मीदवार क्षेत्र में वापस लौटकर नहीं जाता, लेकिन पार्टी को मजबूत करने की लगन थी, तो खुद को पूरी तरह झोंक दिया। निम्न मध्यम वर्गीय परिवार से आने के बाद भी आर्थिक चुनौतियों का सामना करते हुए संघर्ष जारी रखा।
