नामांकन का सिलसिला भी शुरू, पहले दिन एक नामांकन 

ग्वालियर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित लोकसभा आम निर्वाचन कार्यक्रम के तहत ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र से सदस्य चुनने के लिये 12 अप्रैल को निर्वाचन की सूचना जारी की गई। कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने इस दिन प्रात: 11 बजे निर्वाचन की सूचना जारी की। इसी के साथ नाम-निर्देशन पत्र भरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। पहले दिन एक प्रत्याशी द्वारा अपनी नामजदगी का पर्चा दाखिल किया।
शासकीय अवकाश होने की वजह से 13, 14 एवं 17 अप्रैल को नामांकन का सिलसिला बंद रहेगा। अभ्यर्थी अथवा उनके प्रस्तावक अब 15, 16, 18 व 19 अप्रैल को प्रात: 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक रिटर्निंग अधिकारी अथवा सहायक रिटर्निंग अधिकारी को नामांकन प्रस्तुत कर सकेगें। नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा (जाँच) 20 अप्रैल को होगी।  22 अप्रैल को अपरान्ह 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इन सभी दिवसों में प्रात: 11 से अपरान्ह 3 बजे तक उक्त कार्यवाही संपादित होगी। ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र में 7 मई को मतदान और 4 जून को मतगणना होगी। ज्ञात हो ग्वालियर कलेक्ट्रेट में कलेक्टर न्यायालय कक्ष में बनाए गए रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जा रहे हैं।
पहले दिन एक नामांकन 
नामजदगी के पर्चे दाखिल करने के पहले दिन अर्थात 12 अप्रैल को एक उम्मीदवार ने नाम-निर्देशन पत्र दाखिल किया। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार खेड़ापति कॉलोनी किलागेट रोड़ ग्वालियर निवासी श्रीमती रचना अग्रवाल ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। उन्होंने सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) पार्टी की ओर से रिटर्निंग ऑफीसर श्रीमती रुचिका चौहान को अपना नामांकन सौंपा। साथ ही संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा व निष्ठा रखने की शपथ भी रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *