ग्वालियर में लोकसभा चुनाव के आज से दाखिल कर सकेंगे नामांकन,19 अप्रैल तक कर सकेंगे नामांकन
ग्वालियर. लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में ग्वालियर चंबल में 7 मई को मतदान होना है। तीसरे चरण के चुनाव के लिए शुक्रवार 12 अप्रैल से नामांकन (नाम निर्देशन) पत्र दाखिल होना शुरू हो जाएंगे। शुक्रवार को लोकसभा क्षेत्र 03-ग्वालियर से लोकसभा सदस्य चुनने के लिये निर्वाचन की अधिसूचना जारी की जाएगी। रिटर्निंग अधिकारी रूचिका चौहान शुक्रवार सुबह 11 बजे निर्वाचन की सूचना जारी करेंगी। इसी के साथ उम्मीदवार अपने नाम-निर्देशन पत्र दाखिल कर सकेंगे। कलेक्ट्रेट ग्वालियर में भूतल पर स्थित रिटर्निंग ऑफीसर कार्यालय अर्थात कलेक्टर न्यायालय के कक्ष में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किस जाएंगे। नाम निर्देशन पत्र के प्रारूप रिटर्निंग ऑफीसर कार्यालय के बाहर स्थित नियत काउंटर से प्राप्त किए जाएंगे। नाम निर्देशन पत्र के प्रारूप रिटर्निंग ऑफीसर कार्यालय के बाहर स्थित नियम काउंटर से प्राप्त किए जा सकेंगे। अभ्यर्थियों व उनके प्रस्तावकों द्वारा भूतल स्थित कलेक्टर न्यायालय के कक्ष में नियत काउण्टर पर नकद निक्षेप राशि जमा की जा सकेगी साथ ही नेट बैंकिंग का उपयोग कर ऑनलाइन भी निक्षेप राशि जमा की जा सकेंगी।
13, 14 व 17 को अवकाश
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने के लिये सुबह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। शासकीय अवकाश दिवस 13, 14 एवं 17 अप्रैल को छोड़कर 19 अप्रैल 2024 तक नाम निर्देशन पत्र भरे जा सकेंगे। नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा (जांच) 20 अप्रैल को होगी और 22 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 7 मई को होगा। मतों की गिनती 4 जून 2024 को होगी।
आरओ कक्ष में उम्मीदवार समेत केवल पांच लोगों को प्रवेश की इजाजत
रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) कार्यालय में नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करते समय उम्मीदवार समेत अधिकत्तम पांच लोगों को प्रवेश की इजाजत दी जाएगी । नामांकन पत्र, उम्मीदवार द्वारा खुद अथवा उसके प्रस्तावक द्वारा प्रस्तुत किया जा सकेगा। एक उम्मीदवार द्वारा अधिकतम चार नामांकन पत्र भरे जा सकते हैं।
कलेक्ट्रेट बाउण्ड्रीवॉल का मुख्य द्वार है 100 मीटर की सीमा
रिटर्निंग ऑफीसर के कार्यालय से 100 मीटर की दूरी कलेक्टर कार्यालय के बाउण्ड्रीवॉल का मुख्य प्रवेश द्वार रहेगा। नामांकन के लिए आने वाले अभ्यर्थियों की रैली व उनके समर्थकों का प्रवेश इस प्रवेश द्वार के अंदर प्रतिबंधित रहेगा। 100 मीटर की परिधि के भीतर अभ्यर्थी को अधिकतम तीन वाहन की अनुमति रहेगी। साथ ही इन वाहनों में अभ्यर्थी सहित कुल पाँच व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
