दूध की कीमत में भी बढोतरी की आशंका बढ गई
भोपाल. आमतौर पर गर्मियों में दूध का उत्पादन घट जाता है लेकिन इस बार दूध उत्पादन बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग ने इस साल भयानक लू चलने की आशंका जताई है। जानकारों का कहना है कि लू चलने और जलाशयों के सूखने से मवेशियों के लिए चारे और पानी की किल्लत हो सकती है। इससे आने वाले दिनों में दूध का उत्पादन प्रभावित हो सकता है जिससे दूध की कीमत में भी बढोतरी की आशंका बढ गई है। फिलहाल देश के 150 बडे जलाशयों में पानी का स्तर 35 प्रतिशत रह गया है जो एक साल पहले की तुलना में 17 प्रतिशत कम है। पशुओं को लू लगने का खतरा बना हुआ है। अधिक तापमान का असर मवेशियों पर होता है औश्र उनके दूध देने की क्षमता कम हो जाती है।
अभी कितनी है कीमत
स्पॉट ट्रेडर्स ने कहा कि 6.5% फैट वाले दूध की कीमत अभी 47-48 रुपए प्रति लीटर है जो पिछले साल 57-58 रुपए थी। वहीं, उपभोक्ता मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, दूध की ऑल-इंडिया एवरेज रिटेल कीमत 57.6 रुपए प्रति लीटर है जो एक साल पहले 56 रुपए थी। फुल क्रीम दूध 64 से 66 रुपए लीटर तो टोन्ड मिल्क करीब 50 रुपए लीटर मिल रहा है।
