चुनावी खर्च को लेकर निर्वाचन आयोग सख्त, नामांकन से पहले प्रत्याशी को खुलवाना होगा बैंक खाता
श्योपुर. लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने प्रत्याशियों के लिए कई नियम बनाए हैं। इसी कड़ी में अब प्रत्याशियों को नामांकन से पूर्व अब अलग से अपना बैंक खाता खुलवाना होगा। दरअसल, प्रत्याशियों को चुनाव का लेखा-जोखा रखने के लिए अलग से बैंक खाता खुलवाना होगा और नामांकन जमा करने के साथ इसकी लिखित सूचना रिटर्निंग अधिकारी को देनी होगी।
चुनाव आयोग के अनुसार चुनावी खर्च का सही-सही लेखा रखने के लिए प्रत्येक प्रत्याशी को एक अलग बैंक खाता खोलना होगा। प्रत्याशी को यह बैंक खाता नाम-निर्देशन पत्र दाखिल करने के कम से कम एक दिन पहले अनिवार्य रूप से खोलना होगा और नामांकन दाखिल करते समय इस बैंक खाते की खाता संख्या संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी को लिखित में देना होगी।
