ग्वालियर में श्वान प्रेमी हैं तो पंजीयन कराइये, अगर किसी को काटा तो आप होंगे जिम्मेदार

ग्वालियर. आवारा श्वान के टीकाकरण और बधियाकरण में बाधा बनने वाले श्वान प्रेमी का अब नगर निगम पंजीयन करेगा। पंजीयन शुल्क के तौर पर उनसे 150 रुपये भी वसूले जाएंगे। इसके बाद आवारा श्वान यदि किसी पर हमला करता है तो उसकी जिम्मेदारी पंजीकृत व्यक्ति की होगी। इसके खिलाफ नगर निगम या संबंधित पीड़ित व्यक्ति पुलिस में शिकायत तक दर्ज करा सकेगा। यह निर्णय हाल ही में नगर निगम के अफसरों ने लिया है। इसके साथ ही नगर निगम अब ऐसे हाट स्पाट चिह्नित करेगा, जहां पर सबसे अधिक लोग श्वान के शिकार बने हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग से पिछले एक साल का डेटा भी मांगा गया है। निगम अफसरों का यह निर्णय करने के पीछे उद्देश्य है कि 2030 तक ग्वालियर को रैबीज मुक्त किया जा सके।
नगर निगम द्वारा एबीसी सेंटर बिरला नगर पुल के नीचे चालू करा दिया है। जहां पर श्वान का बधियाकरण और टीकाकरण का काम किया जाता है, लेकिन शिकायत पर जब आवारा श्वान को पकड़ने नगर निगम का वाहन किसी गली मोहल्ले या कालोनी में पहुंचता है तो वहां पर पशु प्रेमी श्वान पकड़ने में बाधा बन रहे हैं। यहां तक कि निगम कर्मचारी जो आवारा श्वान को पकड़ लेते हैं उन्हें भी जबरन छुड़ावा लिया जाता है। इसको लेकर नगर निगम अफसरों ने यह निर्णय लिया है कि यदि कोई आवारा श्वान को छुड़वाता है तो उससे श्वान की जिम्मेदारी लेने की बात को लिखित में लेगा और पंजीकरण करते हुए शुल्क भी वसूला जाएगा। नगर निगम अफसरों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग से श्वान के शिकार होने वाले मरीजों का डेटा मांगा गया है, इससे इस बात का पता लगाया जाएगा कि शहर के कौन-कौन से क्षेत्र हैं जहां पर लोग श्वान के शिकार अधिक संख्या में बन रहे हैं। जिससे उन क्षेत्र के श्वान का टीकाकरण और बधियाकरण पहले किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *