तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान कलेक्टर कार्यालय अटैच
ग्वालियर। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शनिवार को शत्रुघन सिंह चौहान तहसीलदार सिटी सेंटर जिला ग्वालियर के विरुद्ध प्राप्त शिकायत की जांच पूर्ण होने तक तत्काल प्रभाव से तहसीलदार तहसील सिटी सेंटर के पद से हटाते हुए कार्यालय कलेक्टर जिला ग्वालियर में संलग्न किया है।
समाजसेवी ने महिला कर्मचारी का जिक्र कर शिकायत की
ग्वालियर कलेक्ट्रेट में कुछ दिन पहले समाजसेवी महिला ने तहसीलदार के खिलाफ शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि तहसीलदार ने कार्यस्थल पर साथी चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी का सेक्सुअल हैरेसमेंट किया था। परेशान होकर महिला कर्मचारी ने ADM अंजू अरुण को आवेदन देकर निवेदन किया था कि उसे सिटी सेंटर ऑफिस से हटाकर कहीं भी पदस्थ किया जाए। इस पर उस महिला कर्मचारी को अन्य तहसील भेज दिया गया।शिकायत करने वाली समाजसेवी महिला ने यह भी लिखा है कि तहसीलदार का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। वह महिलाओं से ऐसा ही व्यवहार करते हैं। इसके संबंध में ऑफिस में काम करने वाली दूसरी महिलाओं से भी बातचीत की जा सकती है।
किलागेट पर एक मकान का भी जिक्र
शिकायतकर्ता ने तहसीलदार पर यह भी आरोप लगाए हैं कि वह अपने गलत काम के लिए किलागेट पर एक मकान का उपयोग करते हैं। जिसे उन्होंने किराए पर ले रखा है। इसकी जानकारी उनके वाहन के चालक को भी है। उससे भी बात की जा सकती है। पहले भी यह किसी मामले में निलंबित हो चुके हैं।
