असामाजिक तत्वों को बाउण्डओवर, ऐसा वातावरण बनाएँ जिससे मतदाता निर्भीक होकर डाल सकें अपना वोट

ग्वालियर – कार्यपालक दण्डाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय बनाएँ और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करें, जिससे अपराधियों में खौफ कायम हो और वे मतदान में व्यवधान पैदा करने की जुर्रत न कर पाएँ। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह ने राजस्व अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक में दिए। अधिकारी द्वय ने आपराधिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध वाउण्ड ओव्हर, जिला बदर एवं राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत तेजी से कार्रवाई करने पर बल दिया ।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सम्पूर्ण जिले में ऐसा वातावरण निर्मित करें जिससे सभी मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें। पुलिस थानावार अब तक हुई बाउण्डओवर की कार्रवाई की बैठक में विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती चौहान एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द नोटिस तामीली कराकर बाउण्डओवर की कार्रवाई पूर्ण कराएँ। इसमें जरा भी ढ़िलाई न हो।
कार्यपालक दण्डाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को यह भी निर्देश दिये कि जिले के सभी शस्त्र लायसेंसधारियों के शस्त्र निर्धारित तिथि तक अनिवार्य रूप से जमा कराये जायें। शस्त्र जमा न करने वाले लोगों के लायसेंस हमेशा के लिये निरस्त कराएँ। साथ ही उनके शस्त्र जब्त करने की कार्रवाई भी की जाए।
गुरूवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित हुई बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी श्रीमती अंजू अरुण कुमार व टीएन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएम सियाज व गजेन्द्र वर्धमान, जिले के सभी एसडीएम, एसडीओपी व थाना प्रभारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *