होली का पर्व सभी के जीवन में खुशी, उत्साह और समृद्धि के रंग लेकर आए – डीजीपी

गूंजे फाग गीत, पुलिस बैंड ने दी उम्दा प्रस्तुति, ढोल की थाप पर थिरके पुलिस अधिकारी व कर्मचारी, जमकर उड़े रंग-गुलाल
राधाकृष्ण की रासलीला पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोहा
भोपाल, भोपाल में पुलिसकर्मियों द्वारा रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास से मनाया गया। शहर के लाल परेड मैदान स्थित कबड्‌डी ग्राउंड में 26 मार्च मंगलवार को पुलिस मुख्यालय के होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि उपस्थित होकर प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मैं कामना करता हूं कि होली का यह पर्व आप सभी के और आपके परिवारों के जीवन में खुशियों के रंग लेकर आए, उत्साह के रंग लेकर आए, समृद्धि के रंग लेकर आए। यह जो हमारा पारिवारिक माहौल है, एक-दूसरे से मिल-बांटकर खुशियां मनाने का माहौल है, मैं कामना करता हूं कि यह सदैव बना रहे और मध्यप्रदेश पुलिस इसी तरह देश और प्रदेश का नाम रोशन करती रहे।
इस अवसर पर स्पेशल डीजी संजय झा, स्पेशल डीजी विजय कटारिया, एडीजी पवन श्रीवास्तव, एडीजी अनिल कुमार, एडीजी साजिद फरीद शापू, कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र, और बड़ी संख्या में वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आरक्षक वर्षा परिहार और रिटायर्ड पुलिसकर्मी एस.रिजवी ने किया।
सुमधुर फाग गीतों ने बांधा समां
पुलिस की विभिन्न शाखाओं की फाग पार्टियों ने होली मिलन समारोह में आकर्षक प्रस्तुतियां दी। सबसे पहले एसटीएफ, 25वीं बटालियन और डीजीपीआर के संयुक्त दल ने ” मेरा खोई गयो बाजूबंद, कान्हा होरी में…गीत की प्रस्तुति दी। इसके बाद 23वीं बटालियन, जीआरपी व हॉकफोर्स ने संयुक्त रूप से “सज के जा रही छबीली, होली में रंगीली…” गीत प्रस्तुत किया।
राधाकृष्ण की रासलीला ने सभी का मन माेहा
होली मिलन समारोह में पुलिस आईटीआई की टीम की सदस्यों ने राधाकृष्ण व गोपियों की रासलीला की आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी। इस मनमोहक प्रस्तुति ने सभी उपस्थितजन को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में पुलिस बैंड ने “ रंग बरसे भीगे चुनरवाली रंग बरसे की धुन की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में समारोह में प्रस्तुति देने वाले पुलिस बल के सभी लोक कलाकारों को डीजीपी ने पारितोषिक वितरित कर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *